पोती को स्कूल छोड़कर आ रहे दादा के साथ हादसा, मिली दर्दनाक मौत

Thursday, Aug 09, 2018 - 01:40 PM (IST)

बंगाणा (शर्मा) : ऊना-बड़सर हाइवे पर कैहलवीं में मोड़ पर परिवहन निगम की बस की चपेट में आने से सेवानिवृत मैकेनिक की दर्दनाक हादसे में मौत हो गई। हादसा सुबह सवा 7 बजे के करीब हुआ जब व्यक्ति अपनी पोती को स्कूल बस में चढ़ाने के लिए घर से स्कूटी से लौट रहा था। वह सड़क किनारे स्कूटी के साथ खड़ा था कि लठियाणी की तरफ से आ रही निगम की बस के अनियंत्रित होने से उसकी चपेट में आने से हादसे का शिकार हो गया। घायल मैकेनिक सतीश को तुरंत स्वास्थ्य उपचार के लिए सी.एच.सी. बंगाणा ले जाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के उपरांत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना भेज दिया, लेकिन उसकी स्थिति गंभीर होने पर रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस दुघर्टना की सूचना मिलते ही बंगाणा पुलिस कैंहलवीं में दुघर्टनास्थल पर पहुंच कर छानबीन करने में जुट गई।

स्टेयरिंग फ्री होने से हादसा 
बस चालक के मुताबिक यह दुघर्टना बस का स्टेयरिंग फ्री होने से हुई है। हालांकि उसने कैहलवीं मोड पर बस को काफी नियंत्रित करने का प्रयास किया, लेकिन बस अनियंत्रित होकर सामने जा टकराई, जिससे यह दुघर्टना पेश आई। जानकारी के मुताबिक निगम की बस अपने रूट पर हमीरपुर से जालंधर जा रही थी। पुलिस ने दुघर्टना में मृत मैकेनिक के शव का पोस्टमार्टम करवाने क्षेत्रीय चिकित्सालय भेज दिया है। तनोह पंचायत के घटटी गांव का सतीश कुमार 62 परिवहन निगम के ऊना डिपो से मैकेनिक के पद से करीब चार वर्ष पहले सेवानिवृत हुआ था। 

 

दुघर्टना के कारणों की जांच शुरू 
बंगाणा पुलिस थाना के एस.एच.ओ. प्रकाश चंद के मुताबिक हाइवे पर वीरवार सुबह सवा 7 बजे के करीब कैहलवीं में निगम की बस की चपेट में आने से एक व्यक्ति सतीश कुमार निवासी घटटी की मौत हो गई है। पुलिस ने उक्त दुघर्टना का मामला दर्ज करके अगामी कारवाई शुरू कर दी है। 

kirti