नवजात का इलाज कराने अस्पताल पहुंची महिला, फिर बुलानी पड़ी पुलिस

Saturday, Jun 16, 2018 - 06:24 PM (IST)

मंडी (पुरुषोत्तम): सरसकान पंचायत में शुक्रवार रात किसी अज्ञात महिला ने डेढ़ दिन के नवजात को सड़क के किनारे छोड़ दिया। इस बात का खुलासा तब हुआ जब एक महिला ने उस बच्चे को देखा। पता चला कि बच्चा बीमार है और वो उसे अस्पताल ले आई। लिहाजा पुलिस को सूचना दी गई और उसके बाद उपचार शुरू हुआ। नवजात लेकर अस्पताल आई महिला की जानकारी के मुताबिक सरसकान पंचायत के अंतर्गत पड़ने वाले गांव बनोई-बरोटी में किसी अज्ञात महिला ने नवजात को सड़क के किनारे छोड़ दिया था जिसे इस दौरान वहां से गुजर रही गांव बनोई-बरोटी गांव की एक महिला की पड़ोसन को यह बच्चा सडक़ किनारे मिला। इस महिला ने जब वीना देवी नाम की इस महिला को इसके बारे में बताया तो उसने कहा कि उसकी भाभी को बच्चे की जरूरत है और इस नवजात को टपोहल की महिला सरला देवी जो बी.एस.एफ .जे.एडं के. में कार्यरत है को दे दिया और उसने उसे कथित रूप से गोदी पुत्र के रूप में ले लिया। 

बच्चे की तबीयत खराब होने पर जब इसे सिविल अस्पताल धर्मपुर लाया गया तो वहां चिकित्सकों ने जब बच्चे के बारे में पूछा तो यह सारी बात सामने आई। उसके बाद चिकित्सक ने इस नवजात का ईलाज करने से पहले पुलिस थाना धर्मपुर को सूचित किया और पुलिस ने मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। थाना प्रभारी धर्मपुर सुरम सिंह स्वयं इस मामले की छानबीन में जुट गए हैं। पुलिस अब उस महिला की तलाश कर रही है जिसने अपने इस जिगर के टुकड़े को अपने से अलग कर सड़क किनारे फैंक दिया। अब पुलिस इस मामले की छानबीन में जुटी है कि जिस महिला ने यह नवजात फैंका है, वह कौन है और उसने अपने नवजात को अपने से दूर क्यों किया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन में जुट गई है। 

अभी नवजात की हालत ठीक है और उसे सरकाघाट अस्पताल रैफर कर दिया गया है। जिस महिला ने इस बच्चे को कथित रूप से गोद लिया है वह भी नवजात के साथ है। डी.एस.पी. सरकाघाट चंद्रपाल ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और जल्द ही इस मामले की छानबीन करके नवजात की असली मां को ढूंढ लिया जाएगा। एस.पी. गुरदेव चंद शर्मा ने कहा कि ऐसे किसी बच्चे को गोद नहीं दिया जा सकता है इसके लिए लंबी प्रक्रिया पूरी करनी पड़ती है। फिलहाल हम जांच कर रहे हैं कि जो महिला इसे उपचार के लिए लाई उसे किस ने बच्चा दिया और किसने उसे सड़क किनारे देखा।
 

kirti