28 नवंबर को मंडी आएंगे भाजापा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह

Monday, Nov 05, 2018 - 05:18 PM (IST)

मंडी(नीरज) : भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह आने वाली 28 नवंबर को मंडी के एक दिवसीय दौरे पर आने वाले हैं। अमित शाह यहां मंडी संसदीय क्षेत्र भाजपा के पन्ना प्रमुखों के अधिवेशन में शिरकत करने आएंगे। उनके साथ सीएम जयराम ठाकुर और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती सहित सरकार व संगठन के सभी लोग शिरकत करेंगे।

यह जानकारी सदर मंडल भाजपा के अध्यक्ष मुनीष कपूर ने मंडी में आयोजित बैठक के दौरान दी। सदर मंडल भाजपा की यह बैठक सोमवार को सर्किट हाउस मंडी में मंडलाध्यक्ष मुनीष कपूर की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में संसदीय क्षेत्र मंडी के विस्तारक अक्षय भरमौरी, जिला विस्तारक हेत राम और भाजपा के जिला महामंत्री चेत राम विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में 28 नवंबर को मंडी में प्रस्तावित मंडी संसदीय क्षेत्र के पन्ना प्रमुखों के अधिवेशन की रूपरेखा तैयार की गई। अधिवेशन से संबंधित सभी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

इसे सफल बनाने के लिए मंडल के विभिन्न पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेवारियां सौंपी गई। विशेष रूप से पन्ना प्रमुखों को सम्मेलन में लाने का पदाधिकारियों को दायित्व सौंपा गया। मंडलाध्यक्ष मुनीष कपूर ने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से इस अधिवेशन को सफल बनाने का आहवान किया और साथ ही अपने-अपने पोलिंग बूथ से पन्ना प्रमुखों को अधिवेशन तक लाने और वापिस ले जाने का दायित्व सौंपा गया।
 

मुनीष कपूर ने बताया कि मंडी में होने जा रहा यह अधिवेशन काफी महत्पूर्ण होगा और इसमें भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के आने की संभावना है। उनके साथ प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती और सरकार व संगठन के अन्य पदाधिकारी भी विशेष रूप से शामिल होने यहां आएंगे।
 

kirti