अमित शाह का आज सिरमौर दौरा, सतौन में करेंगे हाटी आभार रैली

Saturday, Oct 15, 2022 - 12:13 AM (IST)

सतौन (पावंटा साहिब) (संजय कंवर): हाटी आभार रैली के लिए केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शनिवार को सिरमौर के सतौन में पहुंचेंगे और जनसभा कोसंबोधित करेंगे। स्थानीय लोक निर्माण विश्राम गृह में खाद्य आपूर्ति निगम के उपाध्यक्ष बलदेव तोमर ने पत्रकार वार्ता में कहा कि गिरिपार क्षेत्र को जनजातीय दर्जा देने के बाद उनका आभार व्यक्त किया जाएगा। उधर अमित शाह के प्रस्तावित दौरे के लिए पुलिस विभाग ने सुरक्षा की दृष्टि से व्यापक सुरक्षा बंदोबस्त किए हैं। एसपी रमन कुमार मीणा ने बताया कि जनसभा स्थल में प्रवेश करने के लिए 10 डीएफएमडी प्रवेश द्वार स्थापित किए गए हैं। रैली में केवल मोबाइल फोन लेकर जाने की इजाजत होगी। पहले गृहमंत्री अमित शाह के हैलीकॉप्टर के उतरने का कार्यक्रम पांवटा साहिब में निर्धारित था लेकिन पांवटा साहिब से सतौन की दूरी 20 किलोमीटर होने के कारण एनएसजी की टीम ने हैलीपैड के लिए राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला सतौन के मैदान को चुना और देर शाम बलदेव तोमर व डीसी ने हैलीपैड स्थल व रैली स्थल का जायजा। बलदेव तोमर ने कहा कि आभार रैली में पहुंचने वाले लोगों की बैठने की व्यवस्था के साथ ही वाहनों के लिए उचित पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

रैली में शामिल होंगे 40 हजार से ज्यादा लोग 
इस आभार रैली में हाटी समुदाय के लगभग 40 हजार से ज्यादा लोग शामिल होंगे। गिरिपार क्षेत्र के छोटे भाई जौनसार बावर की तर्ज पर सिरमौर के हाटी समुदाय को अब जनजातीय लाभ मिलेगा और केंद्र की सरकार का आभार व्यक्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गिरिपार क्षेत्र की 154 पंचायतों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। उधर, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने इससे पहले सतौन सिरमौर में अमित शाह, हाटी अभिनंदन रैली के लिए मैदान का निरीक्षण किया। कश्यप ने कहा कि 55 साल के लंबे संघर्ष के बाद जनजातीय का दर्जा मिलने से हट्टी समुदाय के लोग बेहद खुश हैं।

11.30 बजे सतौन पहुंचेंगे शाह
अमित शाह 4 घंटे यहां रुकेंगे। शाह 10.30 बजे दिल्ली से हैलीकाॅप्टर से सतौन के लिए रवाना होंगे। 11.30 बजे सतौन के ग्राऊंड में उतरेंगे। उसके बाद वह जनसभा मैदान जाएंगे। जनसभा के बाद शाह करीब 1.30 बजे पूर्व प्रधान रजनीश चौहान के घर लंच करेंगे। वहीं कोर कमेटी की बैठक भी होगी। करीब 3.30 बजे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह सतौन से चौपर द्वारा दिल्ली के लिए रवाना होंगे। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay