अमित शाह के शिमला दौरे से पहले BJP करेगी मंथन

Thursday, Jul 05, 2018 - 09:47 AM (IST)

शिमला (कुलदीप): भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के शिमला दौरे से पहले भाजपा 7 व 8 जुलाई को ज्वालाजी में मंथन करेगी। इसमें प्रदेश भाजपा के बड़े नेताओं के अलावा मोर्चों एवं प्रकल्पों के पदाधिकारी भाग लेंगे। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती के अलावा बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद शांता कुमार, पूर्व मुख्यमंत्री प्रो. प्रेम कुमार धूमल तथा केंद्रीय मंत्री जगत प्रकाश नड्डा भाग ले सकते हैं। उल्लेखनीय है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह 18 जुलाई को शिमला आ सकते हैं, लेकिन संसद के मानसून सत्र को देखते हुए उनके दौरे में संशोधन हो सकता है। 


ज्वालाजी में होने वाली भाजपा की बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों पर भी चर्चा होगी। इस तरह लोकसभा चुनाव और राष्ट्रीय अध्यक्ष के शिमला दौरे को लेकर बैठक में रणनीति बनेगी। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष गणेश दत्त ने 7 व 8 जुलाई को ज्वालाजी में मोर्चों एवं प्रकल्पों के पदाधिकारियों की बैठक किए जाने की पुष्टि की है। उन्होंने दावा किया कि आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा फिर से चारों सीटों पर शानदार जीत दर्ज करेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश कांग्रेस मुद्दाविहीन है, जिसके नेता अपने वजूद की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में हुई हार को कांग्रेस के नेता पचा नहीं पा रहे हैं, जिस कारण सरकार के खिलाफ आधारहीन बयानबाजी की जा रही है। 

Ekta