108 व 102 के हड़ताली कर्मियों ने लेबर कमिश्नर को सौंपा मांगों का ज्ञापन

Tuesday, Jul 03, 2018 - 07:28 PM (IST)

शिमला: हड़ताल पर बैठे 108 व 102 कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन लेबर कमिश्नर को सौंपा है। मंगलवार को जिलाधीश शिमला अमित कश्यप ने कर्मचारियों को बुलाया और उनसे बातचीत की। जिलाधीश के कहने पर कर्मचारियों ने 2 मांगें लेबर कमिश्नर को सौंपी। सचिवालय के पास कर्मचारियों की हड़ताल जारी है। बुधवार को कम से कम 700 के करीब कर्मचारी प्रदेश सचिवालय से विधानसभा तक रैली निकालेंगे और सरकार व जी.वी.के. ई.एम.आर.आई. कंपनी के खिलाफ नारेबाजी करेंगे।


...तो पूरे भारत में होगा आंदोलन
108 कांट्रैक्ट वर्कर्ज यूनियन के अध्यक्ष पूर्णचंद ने बताया कि आगामी 3 दिनों के अंदर अगर कर्मचारियों के हित में कोई निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन हिमाचल स्तर पर नहीं बल्कि पूरे भारत में होगा। उन्होंने कहा कि जब तक मांगें पूरी नहीं होती तब तक हड़ताल जारी रहेगी। 108 और 102 के कर्मचारियों को हड़ताल पर गए हुए एक सप्ताह से ऊपर का समय हो गया है लेकिन अभी तक सरकार की तरफ से कोई निर्णय नहीं लिया गया है। प्रदेश में 108 एम्बुलैंस 192 और 102 एम्बुलैंस 125 चलाई जा रही हैं।


कंपनी पर लागू होता है एस्मा, कर्मचारियों पर नहीं
उधर, कंपनी द्वारा कंपनी द्वारा भर्ती प्रक्रिया जारी है। प्रदेश कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष ने कहा कि एस्मा कंपनी पर लागू होता है कर्मचारियों पर नहीं। सरकार कर्मचारियों को काम करने के लिए मजबूर न करे और कर्मचारियों को कंपनी से पीछा छुड़ाकर मिशन में मर्ज करे। कर्मचारियों ने प्रदेश सरकार को 7 जुलाई तक का अल्टीमेटम दिया है। उसके बाद पूरे भारत में हड़ताल होगी।


ये हैं कर्मचारियों की मांगें
108 व 102 के हड़ताली कर्मियों की मांगों में तबादला नीति बंद करने, निकाले गए कर्मचारियों को बहाल करने, ठेकेदारी प्रथा बंद करने, कर्मचारियों का ड्यूटी टाइम कम करने, ई.पी.एफ. काटने की जानकारी देने, ई.एस.आई. के कार्ड बनाने तथा 5 सालों से जो इंक्रीमैंट नहीं लगी उसे लगाने आदि मांगें शामिल हैं।

Vijay