जब साले ने जीजा की कर दी पिटाई

Wednesday, Mar 06, 2019 - 04:16 PM (IST)

अम्ब (अश्विनी): उपमंडल अम्ब के तहत एक गांव में हुए लड़ाई-झगड़े में एक व्यक्ति को चोटें आई हैं। कथित तौर पर रिश्ते में लगते जीजा-साले में हुई आपसी नोकझोंक मारपीट में बदल गई और साले ने जीजा पर कुर्सी से प्रहार कर दिया। मारपीट में घायल हुए व्यक्ति को सिविल अस्पताल अम्ब लाया गया, जहां उसका उपचार किया जा रहा है। सूचना मिलने पर अम्ब पुलिस ने पीड़ित के बयान कलमबद्ध कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार पुलिस थाना अम्ब के तहत पड़ते एक गांव में हुई इस घटना में मारपीट का शिकार हुए व्यक्ति ने शिकायत की है कि मारपीट में उसे गंभीर चोटें आई हैं। उसने आरोप लगाया है कि सोमवार देर सायं मामूली कहासुनी पर रिश्ते में लगते उसके साले ने उस पर हमला कर दिया। डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल का कहना है कि इस मामले में पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई शुरू कर दी है। मारपीट का शिकार हुए व्यक्ति का सिविल अस्पताल अम्ब में मैडीकल करवाया गया है। मैडीकल रिपोर्ट आने पर आगामी कार्रवाई की जाएगी।

Kuldeep