5,000 मीटर की दौड़ में अम्ब की ज्योति ने झटका पहला स्थान

Sunday, Dec 16, 2018 - 04:34 PM (IST)

ऊना (विशाल): युवा सेवाएं एवं खेल विभाग की तरफ से शनिवार को स्थानीय स्टेडियम में जिला स्तरीय लम्बी व मध्यम वर्ग की दौड़ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस मौके पर 150 से अधिक धावकों ने 3,000 और 5,000 मीटर दौड़ में हिस्सा लेकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। लड़कियों की अंडर-19 आयु वर्ग में 5,000 मीटर की हुई दौड़ में अम्ब की ज्योति बाला ने पहला स्थान हासिल किया जबकि जवाहर नवोदय विद्यालय की प्रिया देवी ने दूसरा और ईसपुर की सुमन देवी ने तीसरा स्थान हासिल किया है। इसी आयु वर्ग में लड़कों की हुई प्रतियोगिता में अम्ब के अजय ने पहला और अम्ब के ही बादल चौधरी ने दूसरा तथा हरोली के राहुल कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया है। लड़कों के वर्ग में 3,000 मीटर की दौड़ में हरोली स्कूल के जतिन कुमार ने पहला स्थान हासिल किया जबकि गगरेट के कप्तुल्हा ने दूसरा और रैंसरी के मोहित ने तीसरा स्थान हासिल किया है।


इसी प्रतियोगिता में लड़कियों के वर्ग में ईसपुर की मंजू देवी ने पहला, ईसपुर की ही रिया ने दूसरा और ऊना की पिंकी ने तीसरा स्थान अर्जित किया है। प्रतियोगिता के समापन अवसर पर ए.सी. एस.के. पाराशर ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए विजेता रहे बच्चों को बधाई दी और भविष्य में भी ऐसी प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने का आशीर्वाद दिया। प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाले को 6,000 रुपए, दूसरा स्थान हासिल करने वालों को 5,000 और तीसरा स्थान अर्जित करने वाले धावकों को 4,000 रुपए की नकद राशि देकर पुरस्कृत किया गया। इस अवसर पर कार्यकारी फुटबाल कोच चंद्रमोहन शर्मा, हॉकी कोच आशीष सेन, एथलैटिक कोच भागीरथ, वालीबाल कोच अशोक, पूजा, सुमनलता, बैडमिंटन कोच संजय कुमार व अनिल शर्मा सहित अन्य खेल प्रेमी उपस्थित थे।

Ekta