जब इस दवाई की गैस लगने से हुई युवक की मौत

Monday, Jul 01, 2019 - 05:36 PM (IST)

अम्ब, (अश्विनी): कीटनाशक दवाई की गैस लगने से एक युवक की मौत हो गई। करीब 5 दिन पहले गांव भैरा में हुई घटना के तहत पी.जी.आई. चंडीगढ़ में उपचाराधीन युवक ने रविवार रात दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर अम्ब पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव को वारिसों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस के अनुसार गत 26 जून को भैरा में एक युवक जब खेतों में बीजी हुई मक्का की फसल को कीटनाशक दवाई का छिड़काव कर रहा था तो दवाई की गैस लगने से उसकी अचानक तबीयत बिगड़ गई।

अपने पीछे पत्नी व नन्ही बेटी को छोड़ गया

 इस घटना में बेहोश हो चुके जसविन्द्र सिंह (24) पुत्र सरूप सिंह को तुरंत क्षेत्रीय अस्पताल ऊना के बाद पी.जी.आई. रैफर कर दिया गया था, लेकिन देर रात उसने दम तोड़ दिया। ग्राम पंचायत उपप्रधान गुरदयाल सिंह ढिल्लों ने बताया कि वह अपने पीछे अपनी पत्नी व नन्ही बेटी को छोड़ गया है। डी.एस.पी. अम्ब मनोज जम्वाल का कहना है कि इस मामले में पुलिस ने सी.आर.पी.सी. की धारा 174 के तहत कार्रवाई की है और पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव वारिसों के सुपुर्द कर दिया है।

Kuldeep