शर्मसार! नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर ले गया, फिर की आपत्तिजनक हरकत; मां की शिकायत पर केस दर्ज

punjabkesari.in Sunday, Aug 30, 2026 - 12:43 PM (IST)

Sirmaur News : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल में एक नाबालिग बच्ची को बहला-फुसलाकर बाइक पर ले जाने और उसके साथ जबरदस्ती करने का मामला सामने आया है। बच्ची की मां की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच के साथ आरोपी की तलाश में जुटी है।

व्यक्ति मौके से फरार

पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, 28 अगस्त को रक्षाबंधन के चलते बच्ची की मां विकासनगर गई हुई थी और करीब 7 बजे वापस घर लौटी। घर पहुंचने पर उसे बच्ची और उसका भाई घर पर नहीं मिले। पति से पूछने पर पता चला कि दोनों पांवटा साहिब गुरुद्वारा में खाना खाने गए हैं। रात करीब 10 बजे बच्ची का भाई घर लौटा। पूछने पर उसने बताया कि उसकी बहन उसके साथ थी, लेकिन गुरुद्वारा ग्राऊंड के पास से वह अचानक अलग हो गई।शिकायत के अनुसार, बच्ची की तलाश के दौरान 3 युवकों को यमुना विहार वार्ड नंबर 5 स्थित खेड़ा मंदिर के समीप को एक बच्ची के मदद के लिए चिल्लाने की जानकारी मिली। वे मौके पर पहुंचे तो वहां एक व्यक्ति बच्ची के पास मौजूद था। युवकों को देखकर वह व्यक्ति मौके से फरार हो गया। उसकी बाइक मौके पर रह गई, जिसे युवकों ने बच्ची के साथ पुलिस थाना पहुंचाया।

आरोपी की तलाश जारी

पुलिस के अनुसार, बच्ची ने पूछताछ में बताया कि वह पांवटा साहिब के मुख्य गुरुद्वारा के बाहर अपने भाई के साथ खेल रही थी। इसी दौरान एक युवक उसे अपनी पत्नी से मिलाने की बात कहकर बाइक पर बिठाकर ले गया। आरोप है कि युवक उसे अस्पताल के समीप वाली सड़क से खोड़ा मंदिर के पास एक सुनसान स्थान पर ले गया, जहां उसके साथ जबरदस्ती की गई। एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। घटना की जांच थाना पांवटा साहिब पुलिस द्वारा की जा रही है। आरोपी की तलाश की जा रही है।

प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Swati Sharma