सरकार के साथ सभी दलों ने रिज पर अटल जी को दी श्रद्धांजलि

Wednesday, Aug 22, 2018 - 08:58 PM (IST)

शिमला: राज्य सरकार के साथ सभी राजनीतिक दलों के प्रमुख नेताओं ने बुधवार को भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि दी। शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर श्रद्धांजलि देने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें राज्यपाल आचार्य देवव्रत, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, शांता कुमार व प्रो. प्रेम कुमार धूमल, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा और कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्रिहोत्री सहित अन्य नेताओं व विभिन्न वर्गों से जुड़े लोगों ने भाग लिया।

श्रद्धांजलि देने के दौरान नई दिल्ली से पूर्व प्रधानमंत्री के अस्थि कलश शिमला पहुंचे। इन अस्थि कलश को लेने के लिए प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सतपाल सिंह सत्ती, वन एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ठाकुर, प्रदेश भाजपा सचिव विजय पाल सोहारू और मुख्यमंत्री के ओ.एस.डी. महेंद्र धर्माणी दिल्ली गए थे। वाजपेयी के अस्थि कलशों को 2 दिन तक पार्टी कार्यालय में रखने के बाद इन्हें प्रदेश की प्रमुख नदियों में प्रवाहित किया जाएगा।

वाजपेयी सार्वभौमिक प्रिय राजनेता : देवव्रत
राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को श्रद्धांजलि अॢपत करते हुए उनको सार्वभौमिक प्रिय राजनेता व महान व्यक्तित्व बताया। उन्होंने कहा कि वाजपेयी ने नेतृत्व के उच्च मूल्यों को बनाया। उनके देश के विकास के लिए दिए गए योगदान को वर्षों तक याद रखा जाएगा।

देश के साथ हिमाचल को क्षति पहुंची : जयराम
मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि वाजपेयी के निधन से देश के साथ हिमाचल प्रदेश को भारी क्षति पहुंची है। वाजपेयी एक दूरदर्शी राजनेता थे, जो पार्टी राजनीति से ऊपर थे। उन्होंने कहा कि हालांकि वाजपेयी गत 10 वर्षों से सक्रिय नहीं थे, परन्तु उनकी सोच, विचार व मूल्य हमेशा ही देश के लोगों के साथ थे। उन्होंने कहा कि लाहौल घाटी को शेष विश्व से जोडऩे के लिए रोहतांग सुरंग निर्माण का विचार वाजपेयी ने 1998 में दिया और 3 जून, 2000 उन्होंने इस परियोजना की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस परियोजना का निर्माण कार्य अन्तिम चरण में है और यह परियोजना वाजपेयी का प्रदेश के लोगों के लिए सबसे बड़ा उपहार है।

अटल के कारण हिमाचल को पानी पर मिली रॉयल्टी : शांता कुमार
पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद शांता कुमार ने कहा कि हिमाचल प्रदेश को पानी पर रॉयल्टी दिलाने में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी का अहम योगदान रहा। उन्होंने रॉयल्टी का यह मामला तत्कालीन प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव सरकार से उठाया था।

अटल में थी अपनी आलोचना सुनने की क्षमता : धूमल
पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी में अपनी आलोचना सुनने की क्षमता थी। उन्होंने संसद का वाकया सुनाते हुए कहा कि जब सत्तापक्ष के सांसद ने वाजपेयी पर व्यक्तिगत टिप्पणी की तो भाजपा के सांसद भिडऩे की स्थिति में आ गए थे। इस पर वाजपेयी ने कहा कि जब दूसरों की आलोचना करते हो तो अपने विरुद्ध सुनने की क्षमता भी रखो।

देश की शान थे वाजपेयी : वीरभद्र सिंह
पूर्व मुख्यमंत्री एवं विधायक वीरभद्र सिंह ने वाजपेयी को देश की शान बताया। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढिय़ों को उनसे मार्गदर्शन मिलता रहेगा। उनके जीवन से सबको सबक लेकर आगे बढऩा चाहिए। उन्होंने कहा कि वह सबके दुख-दर्द को समझते थे। उनके निधन से पूरे देश को अपूर्णीय क्षति पहुंची है, जिसकी भरपाई करना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि वाजपेयी ने इंदिरा गांधी को देवी का स्वरूप बताया था। ऐसा सिर्फ वाजपेयी ही कर सकते थे।

अटल ने सिखाया दुनिया को भारत की जरूरत है : नड्डा
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी ने यह सिखाया कि दुनिया को भारत की जरूरत है। जब उन्होंने पोखरण में परमाणु परीक्षण किए, तो अमरीका सहित यूरोपीय देशों ने भारत पर प्रतिबंध लगाए। इस पर वाजपेयी विचलित नहीं हुए। उन्होंने कहा कि हमने आत्मरक्षा के लिए परीक्षण किए हैं और प्रतिबंध लगने से डरने की आवश्यकता नहीं है।

राजनीतिक विरोधियों को कभी शत्रु नहीं माना : अग्रिहोत्री
कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि वाजपेयी ने राजनीतिक विरोधियों को कभी अपना शत्रु नहीं माना। उन्होंने राजनीति में यह सिखाया कि दलों के आपस में मतभेद हो सकते हैं, लेकिन मनभेद नहीं होने चाहिए। उनकी कविताओं में बार-बार हिमाचल प्रदेश का उल्लेख आता है।

देश को अटल जैसे चेहरे की जरूरत : सिंघा
माकपा नेता एवं विधायक राकेश सिंघा ने कहा कि आज देश को पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जैसे चेहरे की आवश्यकता है। उनका चेहरा मानवता का चेहरा है, जिसमें सदैव राष्ट्रहित नजर आता है। उनके जाने पर पूरा देश शोक में डूबा है।

अटल सबके मार्गदर्शक : बिंदल
विधानसभा अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को सबके लिए मार्गदर्शक बताया। विधानसभा उपाध्यक्ष हंसराज, मंत्रिमंडल के सदस्य, सांसद अनुराग ठाकुर, वीरेंद्र कश्यप तथा राम स्वरूप शर्मा, विधायक, नगर निगम शिमला की महापौर, आर.एस.एस. प्रचारक नरेंद्र कुमार और संजीवन, कुल्लू जिला की ग्राम पंचायत प्रीणी के पूर्व उपप्रधान नोतराम, मुख्य सचिव विनीत चौधरी, राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी और प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री को पुष्पांजलि अर्पित की। इस अवसर पर सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की तरफ से अटल बिहारी वाजपेयी पर तैयार किए गए वृत्तचित्र को भी दिखाया गया और कलाकारों की तरफ से भजन व देशभक्ति का गायन भी किया गया।

Vijay