हवाई मार्ग से आने वाले सभी यात्री होंगे क्वारंटाइन

Sunday, May 24, 2020 - 12:26 PM (IST)

धर्मशाला : हिमाचल प्रदेश में अब प्रवेश करने वाले लोगों के लिए कुछ नियमों में परिवर्तन किया गया है। इन नियमों के अनुसार अब हिमाचल प्रदेश में हवाई मार्ग से आने वाले सभी हवाई यात्री क्वारंटाइन किए जाएंगे। ऐसे सभी लोगों के लिए कर्फ्यू पास बनवाना भी जरूरी होगा। कर्फ्यू पास के बिना उन्हें एंट्री नहीं दी जाएगी। इसके साथ हवाई मार्ग से देश के रेड जोन से आने वाले यात्रियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। जानकारी के अनुसार 25 मई से गगल एयरपोर्ट पर हवाई उड़ानें शुरू होंगी। यहां आने वाले यात्रियों को कर्फ्यू पास बनवाना अनिवार्य होगा। जो भी यात्री गगल एयरपोर्ट पर उतरेगा, उसे 28 दिन के लिए क्वारंटीन किया जाएगा। यात्री के लिए हिमाचल पर्यटन निगम के होटलों में भी पेड क्वांरटाइन की व्यवस्था की गई है। अगर बाहर से आए नागरिक के पास अलग मकान, शौचालय इत्यादि की व्यवस्था हो तो उसे भी वहां पर प्रोटोकाल की अनुपालना करते हुए स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में क्वारंटाइन करने का प्रावधान रहेगा। बच्चों, गर्भवती महिलाओं एवं बुजुर्गां को स्वास्थ्य विभाग की निगरानी में होम क्वारंटाइन में रखने की व्यवस्था रहेगी। 

हवाई यात्रा के जरिये कांगड़ा जिले में घूमने आने वाले लोगों को भी 28 दिन के लिए क्वारंटाइन किया जाएगा। इसके लिए फतेहपुर के समीप पौंग डैम के पास क्वारंटाइन सेंटर बनाया गया है। जब तक उन्हें वापसी का टिकट नहीं मिल जाता, तब तक उन्हें वहीं पर रखा जाएगा। जिलाधीश कांगड़ा राकेशकुमार प्रजापति ने बताया कि 25 मई से गगल एयरपोर्ट पर घरेलू उड़ानें शुरू होंगी। जो भी यात्री इन उड़ानों के जरिये यहां पहुंचेगा, उसे क्वारंटाइन किया जाएगा। इसके अलावा घूमने आने वाले लोगों को भी जब तक वापसी टिकट का इंतजाम नहीं हो जाता, तब तक उन्हें पौंग डैम के समीप फतेहपुर में बनाए गए क्वारंटाइन सेंटर में रखा जाएगा। 
 

Edited By

prashant sharma