एयरफोर्स कर्मचारी को हवा में फायर करना पड़ा महंगा, पुलिस ने किया गिरफ्तार

Friday, Mar 22, 2019 - 10:55 PM (IST)

सोलन: हिमाचल में घूमने आए एक एयरफोर्स कर्मचारी को एक स्थानीय युवक को डराना-धमकाना व हवा में गोली चलाना महंगा पड़ा। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने उसे नाका लगाकर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक रिवाल्वर भी बरामद की है और घटनास्थल से गोली का खाली खोल भी बरामद कर लिया है। ए.एस.पी. शिव कुमार शर्मा ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि परमाणु निवासी रवि साहनी ने पुलिस को सूचना दी कि वह अपने साथियों के साथ परवाणु के नजदीक चक्की मोड़ पर गाड़ी में गाने लगाकर इंजॉय कर रहा था।

जेब से रिवाल्वर निकाल हवा में चला दी गोली

इसी दौरान चंडीगढ़ नंबर की गाड़ियों में कुछ लड़के-लड़कियां आए जिनमें से एक युवक ने उनसे म्यूजिक की आवाज कम करने को कहा। रवि साहनी ने युवक को कहा कि वह भी इंजॉय करें और उन्हें भी इंजॉय करने दें। इसी बात को लेकर दोनों के बीच बहस हो गई और चंडीगढ़ की गाड़ी में आए युवक ने जेब से रिवाल्वर निकाल कर हवा में गोली चला दी। साथ ही उसे जान से मारने की धमकी दे डाली। इस दौरान अन्य युवक-युवतियों ने गोली चलाने वाले युवक को गाड़ी में बिठाया और वहां से चले गए।

टी.टी.आर. परवाणु के नजदीक गिरफ्तार किया युवक

घटना के तुरंत बाद रवि साहनी ने पुलिस को इस संबंध में सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने नाका लगाकर आरोपी युवक तपेंद्र चौहान निवासी चंडीगढ़ को टी.टी.आर. परवाणु के नजदीक ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ  मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। ए.एस.पी. शिव कुमार शर्मा ने बताया कि आरोपी एयरफोर्स अम्बाला में कर्मचारी है और उसके पास लाइसैंस्ड पिस्टल है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर पिस्टल को कब्जे में ले लिया है। कुछ जिंदा रौंद भी मिले हैं।

Vijay