अग्निहोत्री ने किया वार, बोले-सरकार ने रात के अंधेरे में ली खेल निदेशक की बलि

Thursday, Jul 05, 2018 - 10:12 PM (IST)

शिमला: अमरजीत सिंह को युवा सेवाएं एवं खेल विभाग के निदेशक के पद से हटाए जाने पर कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्रिहोत्री ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उनका आरोप है कि सरकार ने रात के अंधेरे में फिर से एक अधिकारी की बलि ले ली है। उनका यह भी आरोप है कि वर्तमान सरकार एक-एक करके अधिकारियों की बलि ले रही है। कसौली गोलीकांड में भी इसी तरह से पहले एस.पी. को निलंबित किया और बाद में उसकी बहाली की गई। इसी तरह बद्दी दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने डी.सी. सोलन को हटाया। इतना ही नहीं, अतिरिक्त मुख्य सचिव एवं मुख्यमंत्री की प्रधान सचिव रही मनीषा नंदा को इसी तरीके से हटाया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर घटना के बाद अपनी नाकामी को छिपाने के लिए अधिकारियों की बलि लेती है।


खली पर सवाल नहीं आयोजन के तरीके पर सवाल
कांग्रेस विधायक दल के नेता मुकेश अग्रिहोत्री ने कहा कि कांग्रेस ने भी द ग्रेट खली पर सवाल नहीं उठाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को आयोजन के तरीके पर आपत्ति रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने जो आरोप लगाए थे, उसकी पुष्टि हो रही है। उन्होंने कहा कि पहले कैबिनेट मैमो लीक होना और आयोजन के लिए सरकार द्वारा 3 करोड़ देने से मुकर जाने को लेकर कांग्रेस के आरोपों की पुष्टि होती है। उन्होंने आरोप लगाया कि बाद में इस राशि को औद्योगिक घरानों से जुटाने का निर्णय लिया गया।

Vijay