सेना में भर्ती करवाने के नाम पर लाखों रुपए लेते रंगे हाथ दबोचा एजैंट

Thursday, Feb 06, 2020 - 10:02 PM (IST)

ऊना (सुरेन्द्र): सेना में भर्ती करवाने के नाम पर अभ्यर्थियों से उगाही करने के मामले में विजिलैंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो ऊना ने एक व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। विजिलैंस ने आरोपी को उस समय गिरफ्तार किया जब वह सवा लाख रुपए की राशि भर्ती करवाने की एवज में ले रहा था। एएसपी विजीलैंस सागर चंद्र शर्मा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि ऊना विजिलैंस टीम ने ट्रैप के जरिए बद्दी के निकट हरियाणा के मढावाला में उस व्यक्ति को धर दबोचा जोकि एजैंट के तौर पर खुद को पेश करते हुए सेना में भर्ती करवाने का दावा कर रहा था। विजिलैंस ने गिरफ्तार व्यक्ति को धारा 7 एवं 7ए भ्रष्टाचार उन्मूलन एक्ट 1988 के तहत नामजद किया है।

प्रति कैंडीडेट मांग रखे थे 50,000 रुपए

एएसपी विजीलैंस के मुताबिक हरियाणा के कुछ लोग सेना में भर्ती के लिए अभ्यर्थियों से यह कहकर रुपयों की मांग कर रहे थे कि उनकी सेना के कर्मचारियों व अधिकारियों के साथ गहरी सांठ-गांठ है। कथित एजैंट का दावा था कि जालंधर में होने वाले मैडीकल में उनको पास करवाएगा। गिरफ्तार व्यक्ति ने मैडीकल में पास करवाने की एवज में 50,000 रुपए प्रति कैंडीडेट मांग रखे थे, जिनमें से 25,000 रुपए उसे एडवांस के तौर पर भी कुछ अभ्यर्थियों ने दे दिए थे जबकि शेष बची हुई राशि (सवा लाख रुपए) को वह लेने आया था। शिकायतकर्ता को यह कथित एजैंट बद्दी के निकट हरियाणा में ले गया और वहीं पर यह राशि ली।

पैसे थमाते ही गिरफ्तार कर लिया एजैंट

विजिलैंस एवं एंटी करप्शन ब्यूरो ने काफी समय से मामले पर नजर रखी हुई थी और बाकायदा इसका ट्रैप किया जा रहा था। फोन कॉल से लेकर राशि लेने वाले व्यक्ति की पूरी डिटेल भी रखी जा रही थी। एएसपी सागर चंद्र की अगुवाई में टीम उस एजैंट का लगातार पीछा कर रही थी। ज्यों ही अभ्यर्थियों की तरफ से सवा लाख रुपए की राशि थमाई गई त्यों ही विजिलैंस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

अस्पताल के कर्मचारियों से सांठ-गांठ की होगी जांच

अब विजिलैंस इस बात की जांच करेगी कि क्या गिरफ्तार किए गए एजैंट की वास्तव में मिलिटरी अस्पताल जालंधर के कर्मचारियों के साथ कोई सांठ-गांठ थी या नहीं। कॉल डिटेल के साथ-साथ अन्य जानकारियां भी हासिल की जाएंगी। किन-किन अभ्यर्थियों ने राशि दी और इसके साथ-साथ इससे पहले की भर्तियों में भी ऐसा हो चुका है इस बात की भी जांच की जाएगी।

विजिलैंस ने रिमांड पर लिया आरोपी

एएसपी ने माना कि मामला गंभीर है। गिरफ्तार व्यक्ति से सुराग हासिल किए जाएंगे कि आखिर उसके दावों में कितनी सच्चाई है। इनके तौर-तरीके क्या थे, इस पहलू पर भी जांच को आगे बढ़ाया जाएगा। आरोपी गुरतेज सिंह (25) पुत्र जसमेर सिंह निवासी पढा तहसील असंद जिला करनाल हरियाणा को रिमांड पर लेकर आगामी कार्रवाई की जा रही है।

मामले की सिलसिलेवार जांच करेगी विजिलैंस

विजिलैंस की अब तक की जांच में सामने आया है कि जिला मुख्यालय ऊना में जनवरी माह में हुई सेना की भर्ती के दौरान हरियाणा के कुछ तथाकथित एजैंट सक्रिय थे। इन्हीं एजैटों ने अभ्यर्थियों को झांसे में लिया और उन्हें मैडीकल में पास होने की गारंटी भी दी थी। इसी की एवज में राशि भी ली गई थी। विजिलैंस इस बात का भी पता लगाएगी कि क्या इस गिरोह के और भी सदस्य हैं और उनका नैटवर्क कहां-कहां फैला हुआ है। क्या सेना भर्तियों के नाम पर गोलमाल होता है? इसकी भी सिलसिलेवार जांच होगी।

Vijay