लॉकअप हत्याकांड : जैदी सहित 9 पुलिस कर्मियों की फिर बढ़ी न्यायिक हिरासत

Friday, Mar 09, 2018 - 10:05 PM (IST)

शिमला (राजीव): कोटखाई गुड़िया मामले से जुड़े पुलिस लॉकअप हत्याकांड में आई.जी. जहूर जैदी सहित सभी 9 पुलिस कर्मियों को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सभी को 16 मार्च तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं पुलिस कर्मचारियों के वॉयस सैंपल को लेकर भी फै सला तय हो गया है। अब 6 आरोपियों के सैंपल 16 मार्च को लिए जाएंगे। हालांकि आई.जी. जैदी, एस.पी. सहित डी.एस.पी. के वॉयस सैंपल कहां लेने हैं, इसे लेकर अभी कुछ तय नहीं हुआ है। बताया जा रहा है कि उसी दिन अदालत में वॉयस सैंपल को लेकर फैसला लिया जाएगा। वॉयस सैंपल कहां लिए जाने हैं यह अभी तय नहीं हुआ है। 

सी.बी.आई. ने अदालत में दे रखी है अर्जी
सी.बी.आई. ने आरोपियों के वॉयस सैंपल लेने के लिए अदालत में एक अर्जी दे रखी है। सी.बी.आई. को मामले की जांच के तहत न्यायिक हिरासत में चल रहे कुछ पुलिस कर्मियों के मोबाइल से ऑडियो क्लिप मिली हंै, ऐसे में संबंधित क्लिप को आधार बनाकर जांच एजैंसी सभी के वॉयस सैंपल लेना चाहती है ताकि पता लगाया जा सके कि जो क्लिप है, उसमें उन्हीं पुलिस कर्मियों की आवाज है या नहीं। सी.बी.आई. ऑडियो क्लिप को केस में काफी अहम मान रही है।

यह है मामला
बता दें कि बीते वर्ष 4 जुलाई को महासू स्कूल से वापस लौटने के बाद गुड़िया रहस्यमयी परिस्थितियों में लापता हो गई थी तथा 6 जुलाई की सुबह उसका शव दांदी जंगल में नग्नावस्था में पड़ मिला था। सरकार ने मामले की जांच के लिए आई.जी. जहूर जैदी की अध्यक्षता में विशेष जांच दल गठित किया था, जिसने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर इस केस को सुलझाने का दावा किया था लेकिन इस बीच कोटखाई पुलिस लॉकअप में एक आरोपी सूरज की हत्या कर दी गई। सी.बी.आई. ने इस मामले में आई.जी. सहित 8 पुलिस कर्मियों को 29 अगस्त को गिरफ्तार किया था और इसके बाद 16 नवम्बर को शिमला के तत्कालीन एस.पी. डी.डब्ल.यू. नेगी को गिरफ्तार किया। अब ये सभी न्यायिक हिरासत में चल रहे हंै।