मंडी के बाद अब ऊना में भी 42 परिवार BPL सूची से बाहर

Tuesday, Jul 23, 2019 - 11:34 AM (IST)

अम्ब (अश्विनी): पिछले दिवस विभिन्न ग्राम पंचायतों में हुई ग्राम सभा में विकास खंड अम्ब के तहत ग्राम पंचायत लोहारा लोअर में सबसे ज्यादा 42 बी.पी.एल. परिवारों को सूची से बाहर किया गया, जबकि 33 बचे बी.पी.एल. परिवारों को निर्देश दिए हैं कि वे 3 महीने के अंतराल में विभागीय गाइड लाइन्स के अंतर्गत दस्तावेज (शपथ पत्र तथा जायदाद व इनकम हेतु पटवारी की रिपोर्ट आदि) तैयार करवाएं। 3 महीने के बाद होने वाली ग्राम सभा में इस पर दोबारा से समीक्षा होगी, जबकि बी.पी.एल. सूची में शामिल होने के लिए अप्लाई करने वाले परिवारों को भी कहा गया कि वे उक्त दस्तावेज तैयार करवाएं। 

ग्राम पंचायत भटेहड़, रिपोह मिसरां, बेहड़ जसवां, स्तोथर, राजपुर जसवां, सूरी, परम्ब व खरोह आदि पंचायतों में जितने बी.पी.एल. परिवारों को सूची से बाहर किया गया है, उतने ही नए परिवारों को बी.पी.एल. सूची में शामिल किया गया है। इसी तरह से ग्राम पंचायत सिद्ध चलेहड़ में 17 बी.पी.एल. परिवारों को सूची से बाहर किया गया और 23 परिवारों को बी.पी.एल. सूची में शामिल किया गया है। कटोहड़ खुर्द में 13 परिवारों को बी.पी.एल. सूची से बाहर किया गया है और 12 नए परिवारों को बी.पी.एल. की सूची में डाला गया है।

ग्राम पंचायत कुठेड़ा खैरला, घंघरेट व धर्मसाल महंतां में न किसी बी.पी.एल. परिवार को सूची से बाहर किया गया है और न ही नए परिवारों को बी.पी.एल. सूची में डाला गया है। खंड विकास अधिकारी अभिषेक मित्तल ने बताया कि गत दिवस 18 ग्राम पंचायतों में हुई ग्राम सभा में ग्राम पंचायत अम्ब, मैड़ी खास व त्याई सहित 3 पंचायतों में कोरम पूरा नहीं हो पाया था। कोरम पूरा न होने वाली ग्राम पंचायत अम्ब व मैड़ी खास का अब अगला इजलास 28 जुलाई रविवार को होगा, जबकि कोरम पूरा होने वाली उक्त 15 ग्राम पंचायतों में कुल 189 बी.पी.एल. परिवारों को सूची से बाहर किया गया है और 152 नए परिवारों को बी.पी.एल. सूची में शामिल किया गया है। बताया जा रहा है कि द्रंग विकास खंड की हारगुणैन पंचायत के दर्जनों गरीब परिवार सरकार की गरीबी रेखा से नीचे की सूची से हाथ धो बैठे हैं। पंचायत की रविवार को हुई ग्राम सभा में एक साथ 83 परिवारों पर गाज गिरी है। 

Ekta