चुनावों के बाद रविंद्र रवि BJP कार्यकर्ताओं से हुए रू-ब-रू, दिया यह बयान

Saturday, Dec 30, 2017 - 10:20 AM (IST)

देहरा: पूर्व मंत्री ठाकुर रविंद्र सिंह रवि विधानसभा चुनावों के बाद देहरा में भाजपा कार्यकर्ताओं से रू-ब-रू हुए। इस अवसर पर कार्यकर्ताओं को सम्बोधित करते हुए ठाकुर रविंद्र सिंह रवि ने कहा कि देहरा में भाजपा को मिली हार पर किसी पर दोषारोपण करने के बजाए भाजपा कार्यकर्ता खुद आत्मचिंतन करें। उन्होंने कहा कि राज्य में प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनी है और जय राम ठाकुर के नेतृत्व में भाजपा सरकार राज्य के हर क्षेत्र का विकास समान रूप से करेगी। उन्होंने कहा कि हार के क्या कारण रहे इस पर मंथन अवश्य किया जाएगा व कमजोर पहलुओं को दूर करने के लिए प्रयत्न किए जाएंगे। 


रवि ने भाजपा कार्यकर्ताओं से हार को पीछे छोड़ आगामी लोकसभा चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य में भाजपा सरकार को मजबूत करने के लिए केंद्र में भाजपा सरकार का गठन अत्यन्त महत्वपूर्ण है व सभी कार्यकर्ता पिछली गलतियों को भूला कर लोकसभा चुनावों में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने के लिए मेहनत करें। देहरा क्षेत्र के विकास को लेकर उन्होंने कहा कि देहरा को विकास में पिछडऩे नहीं दिया जाएगा और वह देहरा में केंन्द्रीय विश्वविद्यालय के निर्माण सहित अन्य विकास कार्यों के लिए पूरे दम-खम के साथ प्रयत्नशील रहेंगे।