कांग्रेस पार्टी के बाद भाजपा ने चार भीतरघातियों को किया छह साल के लिए निष्कासित

Sunday, Nov 12, 2017 - 07:34 PM (IST)

ऊना: जैसे ही नौ नवंबर को विधानसभा के मत ईवीएम में कैद हुए वैसे ही कांग्रेस और भाजपा ने भीतरघातियों को बाहर का रास्ता दिखाना शुरू कर दिया है। जहां पहले कांग्रेस ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते कई नेताओं को बाहर का रास्ता दिखाया वहीं आज भाजपा ने भी अपनी पार्टी की जड़ें काटने पर तुले हुए चार नेताओं को बाहर का रास्ता दिखा दिया। दोनों ही पार्टियां आत्ममंथन कर रही हैं।

इन्हें दिखाया गया बाहर का रास्ता
टलैहड़ हलके से कांग्रेस ने तीन नेताओं को पार्टी से निष्कासित किया था। आज भाजपा ने इसी हलके से एक महिला नेता सहित चार को छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया। इस बात का खुलासा कुटलैहड़ भाजपा मंडल के अध्यक्ष मनोहर लाल ने प्रेस कांफ्रेंस के दौरान किया है। उन्होंने मीडिया से समक्ष कहा, संतोष सैनी, सतपाल सैनी, विजय मलांगड़ व सुदर्शन शर्मा को पार्टी से छह साल के लिए बाहर कर दिया है।

पार्टी विरोधी गतिविधियां सहन नहीं होंगी
उन्होंने अनुशासनहीनता पर कार्रवाई का प्रस्ताव जिला व प्रदेश भाजपा को प्रेषित कर दिया है। मनोहर लाल ने कहा, संतोष सैनी भाजपा सरकार के समय पूर्व हिमफेड की अध्यक्ष थीं। सुदर्शन शर्मा आरटीए सदस्य हैं। वहीं  विकास रत्न पर कार्रवाई के लिए चुनाव आयोग को लिखा जाएगा। मनोहर लाल ने कहा, पार्टी विरोधी कोई भी गतिविधि सहन नहीं होगी। साथ पार्टी में अनुशासनहीनता को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।