बिगड़े हालात पर हिमाचल सरकार का बड़ा फैसला, फिलहाल बहाल नहीं होगी बस सेवा

Friday, Aug 25, 2017 - 05:30 PM (IST)

शिमला (विकास)- डेरा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सजा के बाद बिगड़े हालात को देखते हुए सरकार ने फिलहाल बस सेवा बंद रखने का फैसला किया है। परिवहन मंत्री जी.एस. बाली ने कहा कि पड़ौसी राज्यों में संवेदनशील माहौल को देखते हुए हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसें 26 अगस्त यानी शनिवार को भी चंडीगढ़ की ओर नहीं चलाई जाएंगी। यह निर्णय यात्रियों तथा बसों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। बाली ने कहा कि इन रूटों पर बसें चलाने को लेकर शनिवार बाद दोपहर तीन बजे दोबारा समीक्षा बैठक की जाएगी और उसके बाद ही रूट बहाल करने पर निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने इस संबंध में यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा पर खेद व्यक्त किया है। 

गौरतलब है कि परिवहन मंत्री ने बीते रोज इस संबंध में विशेष प्रेस वार्ता के दौरान निगम की बसों को स्थिति सामान्य हो जाने तक चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा तथा दिल्ली की ओर न चलाने का निर्णय लिया था।