वित्त मंत्री बनने के बाद इस दिन अपने गृह जिला लौटेंगे अनुराग, होगा भव्य स्वागत

Thursday, Jun 06, 2019 - 10:34 AM (IST)

हमीरपुर (राजीव): केंद्रीय राज्य वित्त मंत्री अनुराग ठाकुर ने 17 जून से शुरू हो रहे बजट मेें छोटे दुकानदारों को राहत देने के संकेत देते हुए कहा कि आम जनता को जी.एस.टी. में राहत देने के लिए लोगों के सुझाव भी लिए जा रहे हैं। इसके अलावा छोटे दुकानदारों को भी जी.एस.टी. में राहत देने का प्रयास बजट में होगा। राज्य वित्त मंत्री बनने के बाद अनुराग ठाकुर 7 जून को अपने ससंदीय क्षेत्र के दौरे पर आ रहे हैं। इस दौरान अनुराग ठाकुर अपने गृह जिला हमीरपुर में शाम 6 बजे पहुंचेंगे। 

अनुराग ने कहा कि भाजपा के संकल्प पत्र में जो भी वायदे थे उन्हें जल्दी से जल्दी पूरा करने के लिए केंद्र सरकार कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी प्रधानमंत्री और राष्ट्रीय अध्यक्ष ने दी है, उसे एक अवसर मान कर देश की सेवा करूंगा। उधर, जिला भाजपा महामंत्री एवं कृषि उपज मंडी समिति हमीरपुर के अध्यक्ष अजय शर्मा ने बताया कि अनुराग ठाकुर मोदी मंत्रिमंडल में मंत्री पद की शपथ लेने के बाद प्रथम बार हमीरपुर जिला मुख्यालय में पधार रहे हैं, जिसके लिए जिला भाजपा व जिला की समस्त जनता अनुराग का गांधी चौक पर नागरिक अभिनंदन करेगी।

9 को नहीं 7 को देहरा आएंगे अनुराग

मंडल देहरा भाजपा की ओर से पहले 9 जून को केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर के सम्मान में आयोजित किए जाने वाले भोज कार्यक्रम में अब फेरबदल किया गया है। भाजपा मंडल देहरा के अध्यक्ष सर्वदर्शन शर्मा ने बताया कि अब यह सम्मान समारोह 7 जून को आई.पी.एच. विश्राम गृह देहरा में ही होगा। उनके अनुसार अब स्वयं हाल ही में क्षेत्र के निर्वाचित सांसद व वर्तमान में मोदी सरकार में केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री अनुराग ठाकुर इस सम्मान समारोह में शिरकत करेंगे।




 

Ekta