आखिर कहां से आई थी करोड़ों की चरस की खेप

Thursday, Feb 23, 2017 - 02:55 PM (IST)

कुल्लू: कुल्लू की भुंतर पुलिस द्वारा एक सिक्किम के युवक से 11 किलो 10 ग्राम चरस बरामद की गई है। आरोपी की हालत देख कर यह नहीं कहा जा सकता है कि यही युवक ही मुख्य चरस तस्कर है। आरोपी के अनुसार चरस की खेप किसी नेपाली महिला द्वारा उसे दी गई है, लेकिन यह खेप कहां और किसे दी जानी थी, इस बात से पर्दा नहीं हटाया गया है। क्या चरस की खेप नेपाल से कुल्लू पहुंचाई गई है और अगर यह सही है तो इतनी दूर से चरस को घाटी में पहुंचाना पुलिस की कार्यप्रणाली पर एक बड़ा प्रश्नचिन्ह है। यह बात तो स्पष्ट है कि चरस मलाणा क्रीम के नाम से अंतर्राष्ट्रीय बाजार में जब पहुंचती है तो इसके दाम में एकाएक बढ़ौतरी हो जाती है। इसलिए भी चरस कुल्लू पहुंचाई जाती है।


IS आतंकी को गिरफ्तार करने के बाद 11 किलोग्राम चरस पकड़ने में हासिल की है सफलता
तस्करी के इस मामले में इस बात को भी नजरअंदाज नहीं किया जा सकता कि मणिकर्ण में अनेक चरस तस्करी से जुड़ी बड़ी मछलियां हैं, जोकि पर्दे के पीछे रह कर तस्करी को अंजाम दे रही हैं। पुलिस पहले आरोपी तक ही सीमित रहा करती थी, लेकिन हैरोइन मामले में सब इंस्पैक्टर दया राम की जांच ने अब हर अधिकारी को जांच को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया है, क्योंकि 15 ग्राम हैरोइन के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने दिल्ली पहुंचकर डेढ़ किलोग्राम हैरोइन बरामद की है। इस मामले में भी पुलिस मुख्य आरोपी तक पहुंचने की कोशिश करेगी। कुल्लू पुलिस ने पहले आई.एस.आई.एस. संदिग्ध आतंकी को गिरफ्तार किया, फिर डेढ़ किलोग्राम हैरोइन सहित हशीश ऑयल व गांजा और उसके बाद 11 किलोग्राम चरस पकड़ने में सफलता हासिल की है।


6 साल में पकड़ी गई चरस
2011 में 61 किलोग्राम
2012 में 38 किलोग्राम
2013 में 80 किलोग्राम
2014 में 89 किलोग्राम
2015 में साढ़े 81 किलोग्राम
2016 में 115 किलोग्राम
और करीब डेढ़ महीने में साढ़े 22 किलोग्राम चरस बरामद की है।