शिलाई में आस्था का सैलाब, 12 साल बाद ठाहरी माता का शांत

Saturday, Jun 30, 2018 - 01:25 PM (IST)

नाहन (सतीश)- अपनी अनोखी धार्मिक परंपराओं के लिए पहचाने जाने वाले सिरमौर जिले के शिलाई क्षेत्र में प्राचीन संस्कृति का परिचायक शांत उत्सव का आयोजन किया जा रहा है। शिलाई गांव में करीब 12 साल बाद माता ठाहरी की शांत का आयोजन हो रहा है। शांत के दौरान मां काली के स्वरूप माता ठाहरी देवी की पारंपरिक व पौराणिक तरीके से पूजा अर्चना होती है। स्थानीय लोगों का कहना है की इस आयोजन का मकसद क्षेत्र में खुशहाली बनाए रखना है और मां से प्रार्थना की जाती है कि इलाके में सुख समृद्धि और शांति बरकरार रहे।

 

52 गांवों के लोग शामिल
इस शांत पर्व में शिलाई के 52 गांव सहित समूचे शाठीक समुदाय के लोग सम्मिलित हुए। शिलाई क्षेत्र में परिस्थितियां जितनी विकट है यहां के रीति-रिवाज उतने ही अनूठे हैं। मान्यता यह भी इस तरह के आयोजन से क्षेत्र में देवी शक्तियां जागृत रहती हैं, तो इससे आपसी सौहार्द और समृद्धि व शांति बनी रहती है। ऐसे में 5, 7, 9 या 12 साल बाद शांति महायज्ञ करवाया जाता है। देवी के आवाहन से पूर्व शस्त्रों की विधिवत पूजा की जाती है शस्त्र पूजन के बाद गांव के पुरुष वर्ग हाथ में शस्त्रों को लहराते हुए लिम्बर नृत्य करते हैं। माना जाता है कि वैदिक मंत्रों से पूजित शस्त्र हाथ में लहरा कर देवी के आवाहन से दैवीय शक्तियां जल्द प्रकट होती है और कामना यह भी की जाती है कि इन शास्त्रों को उठाने की कभी भी यहां जरूरत ना पड़े।

kirti