अवैध कब्जों पर प्रशासन की सख्त कार्रवाई: कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन से 4 हटाए
punjabkesari.in Wednesday, Jul 09, 2025 - 12:32 PM (IST)

बिलासपुर, (बंशीधर): कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन परियोजना में बाधा बन रहे अवैध कब्जों को बिलासपुर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कार्रवाई की है। सदर उपमंडल की इस कार्रवाई में गांव तुन्नु और जोल में बने 4 अवैध ढांचों को हटाया गया। यह सभी ढांचे राइट ऑफ वे क्षेत्र में बने हुए थे, जोकि एन.एच.ए.आई. की अधिसूचित भूमि का हिस्सा हैं।
इस कार्रवाई में एस.डी.एम. सदर डॉ. राजदीप सिंह, डी.एस.पी. मदन धीमान, तहसीलदार सदर बाल कृष्ण, नगर एवं ग्राम नियोजन विभाग के अधिकारी तथा एन.एच.ए.आई. के प्रतिनिधि मौजूद रहे। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर गांव तुन्नु के किशोरी लाल पुत्र बंसी, बाबूराम व छोटू राम पुत्र पोहलो तथा गांव जोल के कुलदीप कुमार पुत्र सीताराम द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाकर एन.एच.ए.आई. की भूमि को मुक्त करवाया।
जानकारी के अनुसार इन चारों लोगों को प्रशासन द्वारा पहले नोटिस जारी किए थे। बावजूद इसके संबंधित लोगों ने अपने अतिक्रमण को नहीं हटाया। जिस पर प्रशासन ने अतिक्रमण अधिनियम के तहत इन ढांचों को प्रशासन द्वारा तुरंत प्रभाव से गिरा दिया गया। एस.डी.एम. सदर डॉ. राजदीप सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे महत्वपूर्ण फोरलेन निर्माण कार्य में किसी प्रकार की रुकावट सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे सरकारी भूमि पर अवैध निर्माण न करें तथा विकास कार्यों में पूर्ण सहयोग करें। ऐसा न करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।