Una: बाथड़ी के आदित्य राणा भारतीय नौसेना में बने सब लैफ्टिनैंट, परिवार की तीसरी पीढ़ी करेगी देश सेवा

punjabkesari.in Thursday, Jun 12, 2025 - 04:21 PM (IST)

ऊना (विशाल): हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के बाथड़ी गांव निवासी आदित्य राणा ने भारतीय नौसेना में सब लैफ्टिनैंट का पद हासिल कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे परिवार और गांव में खुशी का माहौल है। आदित्य राणा को बधाई देने वालों का तांता उनके घर पर लगा हुआ है।

यह गौरव की बात है कि आदित्य राणा का परिवार दशकों से भारतीय सेना की सेवा में समर्पित रहा है। उनके पिता रवि पाल सिंह भारतीय सेना में ब्रिगेडियर के पद पर कार्यरत हैं। वहीं, उनके दादा वेद प्रकाश भी भारतीय सेना में सूबेदार के पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। इतना ही नहीं, आदित्य राणा के नाना कर्नल अजमेर सिंह भी भारतीय सेना से सेवानिवृत्त हैं। इस प्रकार आदित्य राणा अपने परिवार की तीसरी पीढ़ी हैं जो देश सेवा करेगी।

आदित्य राणा ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। उन्होंने वर्ष 2021 में प्रतिष्ठित खड़कवासला (पुणे) स्थित राष्ट्रीय रक्षा अकादमी की परीक्षा प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण की थी। अब उन्होंने केरल से अपनी पासिंग आऊट परेड पूरी की है, जिसके बाद उन्हें सब लैफ्टिनैंट के पद पर तैनात किया गया है। घर पहुंचने पर आदित्य राणा का भव्य स्वागत किया गया।
हिमाचल की खबरें व्हाट्सएप पर पढ़ने के लिए इस Link पर करें क्लिक


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News