निजी बस आप्रेटर रहे हड़ताल पर HRTC ने चलाईं अतिरिक्त बसें

Tuesday, Sep 11, 2018 - 10:51 AM (IST)

मंडी : प्रदेश भर में निजी बस आप्रेटर्ज की हड़ताल का असर जिला मंडी में भी देखने को मिला। निजी बसों की हड़ताल के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशानियों का सामना करना पड़ा। जहां सुबह-सुबह कर्मचारियों को घर से ऑफिस तक आने में भी परेशानी झेलनी पड़ी, वहीं सरकारी बसों में भीड़ के कारण भी लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

हड़ताल के चलते सरकारी बसों में भीड़ होने के बावजूद लोगों को मजबूरन उन्हीं बसों में सफर करना पड़ा। कई स्थानों पर जाने वाले यात्रियों को घंटों बसों का इंतजार करना पड़ा। मंडी डिवीजन की बात करें तो सरकाघाट के लिए 23, सुंदरनगर के लिए 26, कुल्लू के लिए 37 और मंडी के लिए 26 अतिरिक्त बसें चलाई गईं। निजी बसों की हड़ताल को देखते हुए एच.आर.टी.सी. के मंडी डिवीजन के तहत पडऩे वाले मंडी और कुल्लू में करीब 112 बसें अन्य दिनों के मुकाबले ज्यादा लगाई गईं।

लोकल रूटों पर रहा अधिक प्रभाव : मंडी डिपो से 20 अतिरिक्त बसों का प्रावधान किया गया ताकि सवारियों को परेशानियों का सामना न करना पड़े। मंडी डिपो में 139 बसें चल रही हैं। जहां पर निजी बसों की अधिक आवाजाही रही वहां पर सवारियों की सुविधा के लिए अतिरिक्त बसें भेजी गईं। हालांकि निजी बसों की हड़ताल का असर लोकल रूटों पर अधिक पड़ा है क्योंकि लंबे रूट में सरकारी बसें दौड़ रही हैं व लोकल रूटों में निजी बसें अधिक होने के कारण वहां पर हड़ताल के बाद अतिरिक्त बसें भेजी गई हैं। एच.आर.टी.सी. स्टाफ की छुट्टियां रद्द : जिला मंडी में निजी बसों की हड़ताल के चलते जो कंडक्टर छुट्टी पर गए थे, उन्हें वापस बुला लिया गया। इसके साथ ही एच.आर.टी.सी. के पूरे स्टाफ की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं ताकि अतिरिक्त बसों को भेजने में स्टाफ की कमी न खले।
 

kirti