बैटरी उद्योग में दर्दनाक हादसा, 23 दिन पहले रैगुलर हुए कामगार को मिली भयानक मौत

Thursday, Jul 25, 2019 - 06:47 PM (IST)

गगरेट (बृज): औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में स्थित एक बैटरी उद्योग में एसिड से भरा टैंक फट जाने से तेजाब में झुलस कर एक कामगार की मौत हो गई। उसे गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल गगरेट लाया गया जहां उसने जख्मों के ताव को न सहते हुए दम तोड़ दिया। गगरेट पुलिस ने अज्ञात कारणों के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। औद्योगिक क्षेत्र गगरेट में स्थित बैटरी चार्जिंग उद्योग में उपमंडल अम्ब के अप्पर अंदौरा गांव का विजय कुमार (40) पुत्र गुरदयाल सिंह पिछले करीब 8 माह से कार्यरत था। 3 जुलाई को ही उद्योग में उसकी स्थायी नियुक्ति हुई थी।

नाइट शिफ्ट में हुआ हादसा

बुधवार को उसकी नाइट ड्यूटी थी। विजय कुमार एसिड टैंक सैक्शन में तैनात था कि वीरवार सुबह अचानक एसिड टैंक फट जाने से तेजाब हर तरफ फैल गया और विजय कुमार तेजाब की चपेट में आकर तेजाब में ही गिर गया। तेजाब के असर से उसकी चमड़ी भी गल गई। हालांकि जब उद्योग के एक अन्य कर्मचारी ने उसे देखा तो उसकी सांसें चल रही थीं। उसे तत्काल एंबुलैंस से सिविल अस्पताल गगरेट लाया गया लेकिन उसे बचाया न जा सका।

विधायक राजेश ठाकुर ने लिया घटनास्थल का जायजा

घटना की जानकारी मिलते ही सब इंस्पैक्टर सुच्चा सिंह दलबल सहित उद्योग परिसर पहुंचे और डी.एस.पी. मनोज जम्वाल ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। मामले की जानकारी मिलते ही विधायक राजेश ठाकुर भी घटनास्थल पर पहुंच गए और उन्होंने उद्योग प्रबंधन से भी पीड़ित परिवार की यथासंभव सहायता करने का आग्रह किया। डी.एस.पी. मनोज जम्वाल ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात कारणों के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

उद्योग प्रबंधन ने थामा पीड़ित परिवार का हाथ

बैटरी चार्जिंग उद्योग में कामगार की हुई मौत के बाद उद्योग प्रबंधन ने संकट की इस घड़ी में पीड़ित परिवार को सहारा दिया है। विधायक राजेश ठाकुर के हस्तक्षेप के बाद उद्योग प्रबंधन द्वारा मृतक कामगार के परिवार को 8 लाख रुपए देने का आश्वासन देने के साथ मृतक की पत्नी को हर माह 5 हजार रुपए पैंशन देने का भी आश्वासन दिया है। मृतक की पत्नी व एक छोटी बच्ची है।

Vijay