बड़ी चरस ‘सप्लायर’ थी आरोपी महिला

Sunday, Feb 26, 2017 - 01:32 AM (IST)

हमीरपुर: हमीरपुर जिला में चरस माफिया तेजी से सक्रिय हुआ है। कुल्लू जिला की सैंज वैली से चरस यहां पहुंच रही है और ड्रग माफिया आसानी से इसे शिक्षण संस्थानों में उपलब्ध करवा रहा है। 23 फरवरी को भोरंज पुलिस द्वारा की गई एक महिला की गिरफ्तारी के बाद यह खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपी महिला को 4 किलोग्राम चरस के साथ दबोचा था। आरोपी सैंज तहसील की रहने वाली है। आरोपी महिला से पूछताछ जारी है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक आरोपी महिला को सरगना के रूप में भी जाना जाता है और उसका पूरे हमीरपुर में चरस की सप्लाई का कारोबार है। भोरंज पुलिस के युवा एस.एच.ओ. मुकेश कुमार व टीम की मुस्तैदी की तारीफ हो रही है। पुलिस उक्त महिला की कई दिनों से तलाश में जुटी थी। 

आरोपी महिला पुलिस रिमांड पर 
ए.एस.पी. डा. शिव कुमार शर्मा का कहना है कि चरस सहित पकड़ी गई महिला पुलिस रिमांड पर है तथा उससे कई अहम सुराग पुलिस को मिले हैं। उन्होंने कहा कि जिला में चरस का धंधा करने वाले अब ज्यादा दिनों तक बच नहीं सकते हैं। जिला की सभी सीमाओं को सील कर दिया है।

चरस आरोपी भगौड़ा चालक बंगाणा में काबू 
करीब साढ़े 4 किलोग्राम चरस सहित पकड़ी गई एक महिला के मामले में पुलिस ने गाड़ी चालक को भी गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए चालक की पहचान सुशील कुमार निवासी भोटा नगर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को बंगाणा में काबू किया है। पुलिस ने शनिवार को आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे 27 फरवरी तक पुलिस रिमांड में भेज दिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी विदेश भागने की फिराक में था।