चरस के साथ गिरफ्तार आरोपी न्यायिक हिरासत में भेजा

Friday, May 10, 2019 - 06:53 PM (IST)

ज्वालामुखी (नितेश): ज्वालाजी पुलिस द्वारा बीते 8 मई को 19.18 ग्राम चरस के साथ पकड़े गए आरोपी जीवन कुमार उर्फ लखपति निवासी चौकी व डाकघर गगड़ूही को पुलिस रिमांड खत्म होने के बाद दोबारा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। डी.एस.पी. ज्वालाजी तिलक राज ने मामले की पुष्टि की है।

नादौन में किसी व्यक्ति से ली थी चरस, नहीं बताई पहचान

उधर, सूत्रों की मानें तो उक्त व्यक्ति ने पुलिस रिमांड में कबूला है कि उसने ये चरस नादौन में किसी व्यक्ति से ली थी जिसे वह नहीं जानता है। हालांकि पुलिस ने जिस व्यक्ति से आरोपी ने चरस खरीदी थी उसकी धरपक्कड़ शुरू कर दी है। इसके तहत जल्द ही वह अज्ञात व्यक्ति भी पुलिस की गिरफ्त में होगा।

8 मई की रात को पुलिस के हत्थे चढ़ा था आरोपी

बता दें कि 8 मई की रात ज्वालाजी पुलिस ने 19.18 ग्राम चरस के साथ उक्त व्यक्ति को रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। उक्त व्यक्ति पहले भी कई अन्य गतिविधियों में संलिप्त पाया जा चुका है। इसके साथ ही वह काफी समय से पुुलिस की राडार में चल रहा था। बहरहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Vijay