होमगार्ड के जवान को धक्का देकर भागा आरोपी, ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे

Monday, Jul 09, 2018 - 07:09 PM (IST)

पांवटा साहिब: उपमंडल पांवटा साहिब में मोबाइल की दुकान पर चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस लॉकअप से शौच के बहाने बाहर निकला और होमगार्ड के जवान को धक्का देकर भाग गया। इसके बाद पुलिस जवान कीसूझबूझ से फरार आरोपी को यमुना नदी के समीप पकड़ लिया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार आरोपी रत्न पुत्र अशोक कुमार निवासी सूरजपुर पांवटा साहिब पुलिस थाना में पुलिस रिमांड पर चला हुआ है। आरोपी ने सोमवार सुबह करीब 7 बजे ड्यूटी पर तैनात संतरी को शौचजाने के लिए कहा, जिसके बाद होमगार्ड का जवान उसे शौच के लिए शौचालय ले गया।


यमुना नदी की तरफ भागा था आरोपी
इस दौरान आरोपी ने होमगार्ड जवान को धक्का दिया और पीछे की ओर यमुना नदी की तरफ  भाग गया, जिसके बाद होमगार्ड का जवान जोर-जोर से चिल्लाने लगा। इसके बाद पुलिस थाने में तैनात पुलिस जवान राजेश कुमार तुरंत फरार आरोपी के पीछे भागा तथा उसे पकड़ लिया। पांवटा साहिब के डी.एस.पी. प्रमोद चौहान ने बताया कि चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी शौच के लिए गया था लेकिन आरोपी होमगार्ड के जवान को धक्का देकर भाग गया। उसे बाद में पकड़ लिया गया। उन्होंने बताया कि अभी पुलिस थाने के भवन का निर्माण कार्य चला हुआ है जिस कारण थाना चारों तरफ  से खुला है।

Vijay