नौकरी का झांसा देकर 3 लाख रुपए ऐंठने का आरोपी गिरफ्तार

Monday, Feb 01, 2021 - 02:44 PM (IST)

चम्बा(काकू)नौकरी का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने के आरोपी को पुलिस ने दो साल बाद दबोच लिया है। आरोपी को पालमपुर के मरंडा से गिरफ्तार किया गया है। उसे सलाखों के पीछे धकेल कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। 22 अप्रैल 2019 को सदर थाना चम्बा में जिला बिलासपुर के यशपाल  के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ था। इसमें पाया गया कि आरोपी चम्बा के सरोल में लोकमित्र केंद्र चलाता था और लोक मित्र केंद्र में नौकरी के नाम पर 30000 रुपए नकद मौके पर वसूल करता था। उसने हिमाचल में करीब 100 लोगों को ठगी का शिकार बनाया। उनसे लगभग 30 लाख रुपए ऐंठने के बाद फरार हो गया था।
 आरोपी इतना शातिर था एक जगह नहीं रूकता था और अपने ठिकाने बदलता रहता था। पुलिस ने आरोपी को दबोचने के लिए सदर थाना चम्बा के सब इंस्पेक्टर कुलदीप कुमार के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। इसमें मुख्य आरक्षी बलविंदर और आरक्षी अभिषेक को शामिल किया। यह टीम उसका पीछा करती रही। पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी के पास नीले रंग की कार है और उसे रोहड़ू में देखा गया। पुलिस टीम रोहड़ू के लिए रवाना हो गई तथा पूरा इलाका सर्च किया, लेकिन वह नहीं मिला। फिर पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गाड़ी चंडीगढ़ में देखी गई है। इसके बाद पुलिस टीम चंडीगढ़ पहुंच गई वहां पता चला कि वह हमीरपुर पहुंच गया है। पुलिस टीम यहां सारी रात तलाश करती रही, लेकिन वह पुलिस के हत्थे नहीं चढ़ा। 31 जनवरी को सुबह नौ बजे उसे पालमपुर के मरंडा से दबोचने में सफलता मिली। सदर थाना प्रभारी सकीनी कपूर ने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हवालात में बंद कर दिया है। मामले की जांच चल रही है।

 

Kaku Chauhan