सोलन : युवक ने पुलिस थाने में की आत्महत्या, चोरी के मामले में हुआ था गिरफ्तार

Friday, Jan 13, 2023 - 10:09 PM (IST)

सोलन (ब्यूरो): सोलन जिला के धर्मपुर थाने में रिमांड पर चल रहे चोरी के मामले में एक आरोपी फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने उसे शटरिंग चोरी के मामले में गिरफ्तार किया था और इसके बाद उसे अदालत में पेश करने के बाद 2 दिनों का रिमांड हासिल किया था। वीरवार रात्रि युवक को पुलिस ने फंदे से लटका हुआ पाया। इसके बाद घटना की जानकारी पुलिस के उच्च अधिकारियों को दी गई। अब इस मामले की जांच न्यायालय के जज द्वारा की जा रही है। एएसपी अजय कुमार राणा ने इसकी पुष्टि की है। 

पुलिस के अनुसार कुछ दिनों पहले 72 लोहे की शटरिंग प्लेट चोरी होने का मामला धर्मपुर थाना में दर्ज किया गया था। इस मामले में पुलिस ने 22 वर्षीय विशाल नामक युवक को गिरफ्तार किया था। 12 जनवरी को उसे सोलन अदालत में पेश करने के बाद उसका 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया। रिमांड हासिल करने के बाद युवक को धर्मपुर थाने में रखा गया।

वीरवार रात को पुलिस कर्मचारियों ने उसे खाना दिया लेकिन युवक ने खाने से इंकार कर दिया। थोड़ी देर बाद थाने में मौजूद कर्मचारियों ने देखा कि युवक अपने बिस्तर पर नहीं है। इसके बाद पुलिस कर्मचारियों ने उसे आवाज लगाई और इधर-उधर उसकी तलाश की। इसके बाद उन्होंने बाथरूम का दरवाजा खोला तो पाया कि युवक ने कंबल की पट्टी से फंदा लगा लिया था। एएसपी अजय कुमार राणा ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन भेजा है। मौके का निरीक्षण करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here

Content Writer

Vijay