शाहपुर मर्डर केस का आरोपी गिरफ्तार, जानिए उस दिन क्या हुआ था महिला के साथ(video)

Saturday, Mar 17, 2018 - 03:23 PM (IST)

धर्मशाला/कांगड़ा: पुलिस थाना शाहपुर के जंगल में अधेड़ महिला की हत्या करने के मामले में दोषी व्यक्ति को पुलिस ने शुक्रवार को हिरासत में ले लिया है। पुलिस द्वारा पकड़े गए कुफरू गांव के 28 वर्षीय कृष्ण कुमार ने नशे की हालत में महिला के साथ जबरदस्ती करने की कोशिश व विरोध करने पर जमीन पर गिराकर गला घोंटने के बाद पत्थर मारकर मौत के घाट उतार दिया। मृतक महिला के साथ सिर्फ जबरदस्ती हुई है या फिर रेप, इसका पता पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आने के बाद ही लगेगा। बहरहाल इस मामले में आरोपी को जिला पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार शाम को चंबी के समीप ठारू में लोकेट करके धर दबोचा,जिसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। 

पेशे से चालक है आरोपी, घटना वाले दिन पी रखी थी शराब
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी पेशे से चालक का काम करता है। आरोपी ने घटना वाले दिन शाहपुर में शराब पी और वापस आकर ठंबा गांव में खड्ड किनारे ढेरा लगाए हुए भेड़पालक के साथ दोबारा शराब पी। इसके बाद वह खड्ड के दूसरे किनारे आ गया और वहां झाड़ू के लिए पत्तियां इकट्ठी कर रही महिला को देखकर उसके साथ जबरदस्ती करने की कोशिश करने लगा। महिला के विरोध करने पर उसने उक्त वारदात को अंजाम दिया। 

क्या कहते हैं एस.पी. कांगड़ा
बता दें कि घटनास्थल पर मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़कर हिरासत में ले लिया है। उधर, इस संबंध में एस.पी. कांगड़ा संतोष पटियाल ने बताया कि शाहपुर के जंगल में अधेड़ महिला की हत्या करने के मामले में दोषी व्यक्ति को पुलिस ने शुक्रवार को हिरासत में ले लिया है। महिला के साथ दुराचार हुआ है या नहीं इसका पता पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के आने पर चलेगा। इस मामले में छानबीन जारी है।

Punjab Kesari