बैंक से धोखाधड़ी कर आरोपी हुआ फरार

Saturday, Jan 21, 2017 - 12:33 AM (IST)

कुल्लू: थाना मनाली के अंतर्गत बैंक से कर्ज लेकर आरोपी फरार हो गया। शाखा प्रबंधक द्वारा पुलिस थाना मनाली में शिकायत दर्ज करवाई गई है। जानकारी के अनुसार उक्त घटना 24 दिसम्बर, 2015 को हुई थी जब रांगड़ी के एक व्यक्ति द्वारा पंजाब नैशनल बैंक से मशीनरी और अन्य सामान खरीदने के लिए 4 लाख 86 हजार रुपए का कर्ज लिया गया था। बैंक और कर्जाधारक के मध्य हुए एग्रीमैंट के अनुसार जब तक कर्ज अदा नहीं हो जाता, उस समय तक वह मशीनरी बेच नहीं सकता था लेकिन उक्त व्यक्ति द्वारा मशीनरी बेच दी गई और बैंक का कर्ज भी वापस नहीं लौटाया गया।

बैंक प्रबंधन नहीं जुटा पाया जानकारी
बैंक प्रबंधन द्वारा उक्त व्यक्ति के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया गया तो उसके बारे में कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई। यह भी पता नहीं चल पाया कि उक्त व्यक्ति स्थायी तौर पर किस राज्य का है। जब कोई जानकारी प्राप्त नहीं हुई तो शाखा प्रबंधक ने मनाली थाने में पहुंच कर पुलिस को पूरे घटनाक्रम से अवगत करवाया। ए.एस.आई. धीरज द्वारा शिकायतकत्र्ता के बयान दर्ज किए गए। डी.एस.पी. मनाली पुनीत रघु ने बताया कि पुलिस ने शाखा प्रबंधक एस.एल. शर्मा के बयान के आधार पर कथित आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है।