मनाली में पर्यटकों के साथ दर्दनाक हादसा, 4 घायल-एक लापता

Thursday, Dec 26, 2019 - 10:40 PM (IST)

मनाली (सोनू): मनाली-सोलंगनाला मार्ग पर मनाली से 5 किलोमीटर दूर नेहरू कुंड के पास एक पर्यटक वाहन के लुढ़क जाने से 4 पर्यटक घायल हो गए जबकि एक लापता बताया जा रहा है, जिसकी तलाश पुलिस द्वारा की जा रही है। पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार लुधियाना (पंजाब) के 5 पर्यटक अपने वाहन (पीबी 10एचसी-0140) में बर्फ कादीदार करने सोलंगनाला गए थे। बर्फ का आनंद लेने के बाद जब वे सोलंगनाला से वापस मनाली लौट रहे थे तो रास्ते मे नेहरू कुंड के समीप मोड़ पर गाड़ी स्किड हो गई और नीचे जा लुढ़की। हादसे का पता चलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंचे और रैस्क्यू कार्य शुरू किया। पुलिस ने लोगों की मदद से घायल पर्यटकों को रैस्क्यू किया और मिशन अस्पताल पहुंचाया।

हादसे में ये हुए घायल

घायल पर्यटकों की पहचान मनदीप सिंह पुत्र बलविंदर सिंह (23) हाऊस नम्बर-8544, स्ट्रीट नम्बर-10 गुरु अंगदेर कालोनी लुधियाना,  अंकुश कुमार (18) पुत्र स्वर्गीय राम कुमार हाऊस नम्बर-9305, गली नम्बर-27 नजदीक शालीमार स्कूल कोटमंगल सिंह लुधियाना, सुखमित (27) पुत्र अमरजीत हाऊस नंबर-373 सिविल सीटी चन्द्र नगर लुधियाना, मनजीत सिंह पुत्र गुरदीप सिंह जनदीक दुर्गा ज्वैलर कवाड़ी चौक लुधियाना के रूप में हुई है जबकि लुधियाना के ही रहने वाले तरजिन्दर सिंह की तलाश की जा रही है।

क्या बोले डीएसपी मनाली

डीएसपी मनाली शेर सिंह ने बताया कि हादसे में घायल हुए 4 पर्यटकों का उपचार हेतु मिशन अस्पताल लाया गया है। 4 पर्यटकों का अस्पताल में उपचार चल रहा है जबकि पांचवें की तलाश जारी है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

Vijay