मंडी के बाद अब शिमला में हादसे का शिकार हुई HRTC Bus, चालक सहित 4 लोग घायल (Video)

punjabkesari.in Friday, Apr 08, 2022 - 04:55 PM (IST)

शिमला (जस्टा): हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के पंडोह में हुए बस हादसे के बाद अब शिमला में निगम की बस हादसे का शिकार हो गई। शुक्रवार सुबह 9.30 बजे समरहिल के वन विहार के पास एक एचआरटीसी बस सड़क से नीचे जा लुढ़की और पेड़ से अटक गई। हादसे में 4 लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए आईजीएमसी व डीडीयू में भर्ती करवाया गया है। इनमें चालक देशराज, परिचालक धीरज व दीपक का आईजीएमसी व एक अन्य का डीडीयू अस्पताल में उपचार चल रहा है। बस में कुल 7 लोग सवार थे, इनमें 3 लोग बिल्कुल सुरक्षित हैं। जब हादसा हुआ तो बस में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। लोगों द्वारा हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और छानबीन में जुटी। पुलिस ने मौके पर से घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां पर उनका उपचार चल रहा है। यहां अगर बस पेड़ से न अटकती तो जानी नुक्सान भी हो सकता था। बताया जा रहा है कि बस समरहिल से चाइली धार कुफर की ओर जा रही थी। हादसे की सूचना मिलते ही नेरी पंचायत की प्रधान मंजूषा नरवाल घायलों के साथ आईजीएमसी पहुंची और घायलों की हर संभव सहायता की। अभी हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस की मामले को लेकर जांच जारी है। 

क्या कहते हैं स्थानीय लोग 

स्थानीय लोग जगदीश सहित अन्य लोगों का कहना है कि एचआरटीसी बस हमेशा ही खराब रहती है। प्रशासन से मांग की जाती है कि नई बसों को रूट पर भेजा जाए। इस बस में स्कूली बच्चे भी जाते हैं। ऐसे में नई बस को रूट पर भेजा जाना अनिवार्य है। वहीं सड़क की व्यवस्था को सुधार जाए, ताकि हादसे न हों। लोगों का कहना है कि गनीमत यह रही कि इसमें कम लोग सवार थे। अगर ज्यादा लोग सवार होते तो बहुत बड़ा हादसा हो सकता था। वहीं एसपी शिमला मोनिका भुटुुंगरू ने बताया कि पुलिस द्वारा हादसे के कारणों का अभी पता लगाया जा रहा है। 

हिमाचल की खबरें Twitter पर पढ़ने के लिए हमें Join करें Click Here
अपने शहर की और खबरें जानने के लिए Like करें हमारा Facebook Page Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Recommended News

Related News