Hamirpur: आमने-सामने भिड़ने वाली थीं दो बसें, फिर HRTC ड्राइवर के एक फैसले ने टाल दिया बड़ा हादसा

punjabkesari.in Wednesday, Nov 25, 2026 - 12:43 PM (IST)

हमीरपुर: हमीरपुर से चंडीगढ़ जा रहे करीब 30 यात्रियों के लिए सुबह का सफर उस वक्त दहशत में बदल गया, जब हिमाचल पथ परिवहन निगम की एक बस सड़क से बाहर निकलकर नाली में जा घुसी। यह घटना सलोनी के समीप जोल नामक स्थान पर सामने से आ रही एक निजी वोल्वो बस से सीधा टकराव टालने के प्रयास में घटी। गनीमत यह रही कि बस चालक ने अंतिम क्षणों में सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को पलटने से बचा लिया, जिसके चलते बस में सवार सभी यात्री बाल-बाल बच गए और एक बड़ा जानी नुक्सान टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ऊना डिपो की यह एसी बस निर्धारित समय के तहत सुबह 5:20 बजे हमीरपुर बस अड्डे से वाया ऊना होते हुए चंडीगढ़ के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 6:15 बजे बस जैसे ही सलोनी के नजदीक जोल में पहुंची, तो सामने से आ रही एक प्राइवेट वोल्वो बस को बचाने के चक्कर में एचआरटीसी चालक को बस सड़क के किनारे उतारनी पड़ी। इस दौरान बस अनियंत्रित होकर नाली में धंस गई और पलटने से बची। अचानक हुए इस घटनाक्रम से बस में बैठी सवारियों में चीख-पुकार मच गई। राहत की बात यह है कि सभी 30 यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी को चोट नहीं आई है, हालांकि इस हादसे में निगम की बस को क्षति पहुंची है।

बस के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद चंडीगढ़ जा रहे यात्रियों को सुबह के समय ठंड के मौसम में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घटना के  बाद वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए हमीरपुर डिपो की एक अन्य बस के माध्यम से सभी यात्रियों को चंडीगढ़ के लिए रवाना किया गया। वहीं, इस हादसे के चलते सड़क के दोनों तरफ वाहनों का लंबा जाम लग गया। मामले की सूचना मिलते ही यातायात पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद जाम को खुलवाकर यातायात दोबारा सुचारू करवाया।

हिमाचल प्रदेश से जुड़ी खबरें पढ़ने के लिए हमारे WhatsApp group को Join करें


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News