Bilaspur: छुट्टी पर घर आए फौजी के साथ हुआ ये हादसा, AIIMS में उपचार के दौरान तोड़ा दम

punjabkesari.in Friday, Mar 20, 2026 - 09:24 PM (IST)

भराड़ी (राकेश): बिलासपुर जिले के भराड़ी थाना क्षेत्र के तहत एक बेहद दुखद घटना सामने आई है। छुट्टी पर अपने घर आए आसाम राइफल के एक जवान की दुर्घटनावश गिरने और अंदरूनी चोटें लगने के कारण मौत हो गई है। मृतक जवान की पहचान मुकेश कुमार पुत्र मिलखी राम निवासी गांव व डाकघर कोट, तहसील घुमारवीं व जिला बिलासपुर के रूप में हुई है। जवान के निधन से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। जानकारी के अनुसार मुकेश कुमार आसाम राइफल में कार्यरत थे और इन दिनों जम्मू-कश्मीर के श्रीनगर में देश की सेवा कर रहे थे। वह बीते 9 फरवरी को छुट्टी लेकर अपने पैतृक घर आए हुए थे।

लकड़ियां लाते समय पैर फिसलने से हुआ हादसा
बताया जा रहा है कि गत 15 मार्च को मुकेश अपनी जमीन से लकड़ियां उठाकर घर ला रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अचानक उनका पैर फिसल गया और वह बुरी तरह गिर गए। गिरने की वजह से उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं और उनके पेट के दाहिने हिस्से में तेज दर्द होने लगा। शुरूआत में उन्होंने इसे सामान्य चोट समझकर घर पर ही आराम किया। 18 मार्च को मुकेश की तबीयत अचानक बहुत ज्यादा बिगड़ गई। हालत गंभीर होता देख परिजन उन्हें तुरंत उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज हमीरपुर ले गए। वहां चिकित्सकों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें एम्स बिलासपुर के लिए रैफर कर दिया। एम्स में चले उपचार के दौरान गत दिवस चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों ने नहीं जताया कोई संदेह, पुलिस ने सौंपा शव
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस थाना भराड़ी की टीम तुरंत एम्स बिलासपुर पहुंची। पुलिस ने शव का निरीक्षण किया और परिजनों के बयान दर्ज किए। पुलिस की जांच में यह बात सामने आई है कि यह घटना पूरी तरह से दुर्घटनावश गिरने के कारण ही हुई है। परिजनों ने भी मुकेश की मौत को लेकर किसी भी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया है। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव काे पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। उधर, जवान की अचानक मौत से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।

हिमाचल प्रदेश की खबरें पढ़ने के लिए हमारे व्हाट्सएप ग्रुप से जुड़ें Click Here


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Vijay

Related News