पालमपुर में शुरू हुई आट्या-पाट्या प्रतियोगिता, स्वास्थ्य मंत्री ने किया आगाज

Friday, Sep 28, 2018 - 06:31 PM (IST)

पालमपुर: राष्ट्रीय सब जूनियर आटया-पाटया खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री, विपिन सिंह परमार ने किया। कार्यक्रम में जयसिंहपुर के विधायक रविंद्र धीमान तथा नगरोटा बगवां के विधायक अरुण मेहरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। अमर शहीद कैप्टन विक्रम बतरा मैदान पालमपुर में 3 दिनों तक चलने वाली इस खेल प्रतियोगिता में देश के 17 राज्यों के लड़के-लड़कियों की टीमें भाग ले रही हैं। खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने हिमाचल प्रदेश आटया-पाटया संघ को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के आयोजन की बधाई दी। उन्होंने कहा कि आटया-पाटया एक पौराणणिक खेल है तथा कई राज्यों में यह खेल खेला जा रहा है और प्रदेश में राष्ट्रीय प्रतियोगिता का आयोजन गौरव की बात है।

सरकार प्रदेश में खिलाड़ियों को हर संभव सहायता देने के लिए प्रतिबद्ध
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता से जहां प्रदेश के बच्चों को इस खेल को खेलने और जानने का मौका मिलेगा वहीं विभिन्न प्रदेश की संस्कृति को जानने समझने का अवसर भी प्राप्त होगा। उन्होंने कहा कि सरकार, हिमाचल प्रदेश में खिलाड़ियों को हर संभव सहायता और अवसर उपलब्ध करवाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं हैं और सरकार इन प्रतिभाओं को निखारने के लिए यथा संभव सहायता उपलब्ध करवा रही है। उन्होंने खिलाड़ियों को चुनौतियों को स्वीकार कर संभावनाओं में बदलने का आह्वान करते हुए जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि शहीद विक्रम बत्रा मैदान का अपना ऐतिहासिक महत्व है और यहां आयोजित होने वाले कार्यक्रम सफल रहे हैं। उन्होंने कहा कि आटया-पाट्या पारंपरिक खेल लोगों में लोकप्रियता और संघ की मेहनत से देश में ही नहीं अपितु विदेश में भी एक महत्वपूर्ण खेल के रूप में स्थान प्राप्त किया है

Jinesh Kumar