24 घंटे की भूख हड़ताल पर बैठे ABVP के छात्र, मांगे पूरी ना होने पर दी उग्र आंदोलन की चेतावनी

Monday, Aug 26, 2019 - 05:28 PM (IST)

बिलासपुर (मुकेश) : अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद इकाई बिलासपुर ,घुमारवीं, झंडूता के कार्यकर्ता अपनी मांगे मनवाने के लिए सांकेतिक भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। विद्यार्थी परिषद द्वारा 24 घंटे की सांकेतिक भूख हड़ताल की जा रही है। विद्यार्थी परिषद द्वारा ने बताया कि प्रदेश स्तरीय सांकेतिक भूख हड़ताल की जा रही है जो आज 27 तारीख 11:30 बजे तक रहेगी तथा यह भूख हड़ताल प्रदेश स्तरीय तथा स्थानीय मांगों को लेकर की जा रही है।

मांगों के संदर्भ में बताते हुए उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद की प्रमुख स्थानीय मांगे हैं कि छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार छात्र संघ चुनाव बहाल किए जाएं। परीक्षा परिणामों में अनियमितताओं को दूर कर परीक्षा परिणाम समय पर घोषित किए जाएं। क्लस्टर विश्वविद्यालय के स्थाई परिसर का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए, इसी सत्र से कक्षाएं शुरू की जाएं और विश्विद्यालय को राज्य विश्वविद्यालय का दर्जा दिया जाए। केंद्रीय विश्वविद्यालय के स्थाई परिसर का निर्माण कार्य जल्द शुरू किया जाए। प्रदेश विवि और महाविद्यालयों में शिक्षकों और ग़ैर शिक्षकों के रिक्त पदों को तुरंत भरा जाए और महाविद्यालयों के आधारभूत ढांचों को सुदृढ़ किया जाए। बागवानी विवि नौणी और कृषि विवि पालमपुर में छात्रों से ली जा रही अत्यधिक फीस वृद्धि को कम किया जाए। तकनीकी विवि हमीरपुर में सैल्फ फाइनेंसिंग के नाम पर ली जा रही भारी फीस वसूलना बंद की जाए और प्रदेश सरकार विवि के लिए बजट का उचित प्रावधान करे। निजी विवि और मेडीकल कॉलेजों में व्याप्त भ्रष्टाचार व जबरन फीस वसूली पर लगाम लगाई जाए। भ्रष्टाचार में संलिप्त निजी विवि नियामक आयोग के चेयरमैन के के कटोच को तुरंत प्रभाव से बर्खास्त किया जाए। प्रदेश में बढ़ रही अपराधिक घटनाओं पर नकेल कसी जाए।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थी परिषद पूर्व में स्थानीय मांगों के संदर्भ में प्रधानाचार्य को ज्ञापनो के माध्यम से सूचित कर चुका है परंतु अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया वहीं प्रदेश स्तरीय मांगों के संदर्भ में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को प्रधानाचार्य के माध्यम से ज्ञापन दिया गया है यदि जल्दी ही विद्यार्थी परिषद की मांगों को पूरा नहीं किया जाता है तो यह छोटी सी भूख हड़ताल बड़े आंदोलन भूख हड़ताल बड़े आंदोलन का रूप ले लेगी जिसकी जिमेवारी प्रदेश सरकार की होगी।

Edited By

Simpy Khanna