ABVP ने धर्मशाला व ज्वालाजी में फूंका खाद्य आपूर्ति मंत्री का पुतला

Saturday, Sep 15, 2018 - 08:42 PM (IST)

धर्मशाला: शनिवार को धर्मशाला व ज्वालाजी में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने खाद्य आपूर्ति मंत्री का पुतला जलाया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने कहा कि मंत्री अपने दुव्र्यवहार पर माफी मांगे अन्यथा आंदोलन तेज किया जाएगा। इससे पहले कार्यकर्ताओं ने कॉलेज प्रशासन और किशन कपूर के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा मंत्री व कॉलेज प्रशासन का पुतला जलाने की जानकारी मिलते ही पुलिस कर्मी भी कॉलेज पहुंच गए। हालांकि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने पुलिस को उलझाए रखा तथा यह पता ही नहीं चलने दिया कि पुतला कहां फूंका जाना है।

नारेबाजी के दौरान ही सभी कार्यकर्ता बी.एड. कॉलेज की तरफ भागे लेकिन जब तक पुलिस कर्मी बी.एड. कॉलेज के पास मुख्य चौक तक पहुंचते, वहां पर मौजूद कार्यकर्ताओं ने पुतला जला दिया था। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद प्रांत सहमंत्री राहुल राणा ने बताया कि छात्र संगठन के कार्यकर्ता कॉलेज की मांगों को लेकर क्रमिक भूख हड़ताल पर हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता मंत्री किशन कपूर के पास पहुंचे तो उन्होंने भी छात्रों के साथ बदतमीजी की। उन्होंने कहा कि मंत्री को युवाओं ने जीत दिलवाई है और उन्हें अपने उस व्यवहार के लिए छात्रों से माफी मांगनी होगी।

Jinesh Kumar