दर्दनाक सड़क हादसा: गहरी खाई में गिरा सेब से लदा ट्रक, 2 लोगों की मौके पर मौत

Thursday, Sep 26, 2019 - 04:45 PM (IST)

राजगढ़: सिरमौर जिले के राजगढ़ में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां एक सेब से लदे ट्रक के खाई में गिरने से 2 लोगों की मौके पर मौत हो गई जबकि एक गंभीर घायल है। घायल का राजगढ़ अस्पताल में इलाज चल रहा है। जानकारी के मुताबिक सोलन-नेरीपुल सड़क पर पनेली जघेड़ के समीप गुरुवार सुबह सेब से लदा एक ट्रक (एचपी72-3451) अचानक दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में जा गिरा। 

बताया जा रहा है कि हादसे के समय ट्रक चंडीगढ़ की ओर जा रहा था। मृतकों की पहचान ट्रक चालक रोहित (24) पुत्र कुलदीप सिंह गांव सनोह (ऊना) और प्यारेलाल (40) पुत्र संतराम निवासी खासधार डाकघर संदासु तहसील चिडंगांव (शिमला) के तौर पर की गई है। हादसे में ट्रक में सवार अजय कुमार पुत्र दौलतराम ग्राम बरनोह तहसील (ऊना) गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल का सिविल अस्पताल राजगढ़ में उपचार चल रहा है। राजगढ़ पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

एसडीएम राजगढ़ नरेश वर्मा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए राजगढ़ अस्पताल लाया गया है। उन्होंने बताया कि घायल व्यक्ति को फौरी राहत के रूप में पांच हजार की राशि प्रदान कर दी गई है। जबकि मृतक के परिजनों को उनके पहुंचने पर 20-20 हजार की राशि फौरी राहत के तौर पर दी जाएगी।

Ekta