Chamba: घर की छत से बर्फ हटाते समय गिरा व्यक्ति, घायल को सड़क तक लाने के लिए 6 KM पैदल चले ग्रामीण

punjabkesari.in Saturday, Mar 15, 2025 - 01:02 PM (IST)

हिमाचल डेस्क। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के जनजातीय क्षेत्र पांगी से एक दुखद खबर सामने आई है। शुक्रवार शाम करीब 6 बजे पांगी के पुंटों गांव निवासी 37 वर्षीय शाम सिंह अपने घर की दो मंजिला छत से बर्फ हटाते समय गिर गए। छत से गिरते ही वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल अवस्था में शाम सिंह को सबसे पहले उनके परिवार और ग्रामीणों ने सहायता दी। स्थानीय लोग उन्हें पालकी में उठाकर करीब छह किलोमीटर बर्फीली सड़कों पर पैदल चलकर सड़क तक लेकर पहुंचे। इसके बाद उन्हें वाहन से किलाड़ के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार किया गया।

अस्पताल में इलाज के बाद डॉक्टरों ने स्थिति को गंभीर मानते हुए उन्हें कुल्लू अस्पताल रेफर किया। लेकिन, पांगी क्षेत्र में भारी बर्फबारी के कारण हालात सामान्य नहीं हो पा रहे हैं और सड़कें भी बर्फ से ढकी हुई हैं। ऐसे में मरीज को हवाई मार्ग से इलाज के लिए कुल्लू भेजने की संभावना पर विचार किया जा रहा है।

परिजनों और स्थानीय लोगों ने प्रशासन से चापर के जरिये मरीज को एयर लिफ्ट करने की मांग उठाई है ताकि उनका इलाज समय पर हो सके। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Jyoti M

Related News