सिरोटी गांव में आग में जिंदा जल गया व्यक्ति

Tuesday, Feb 09, 2021 - 04:39 PM (IST)

तेलका(इरशाद)उपमंडल सलूणी की ग्राम पंचायत भजोत्रा के सिरोटी गांव में एक घर में अचानक आग लगने से घर में सो रहा एक व्यक्ति जिंदा जल गया है। वहीं मकान जलकर राख हो गया है। इससे काफी नुकसान हुआ है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सिरोटी गांव निवासी बुधिया राम के घर में सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे अचानक आग लग गई। इस अग्रिकांड में मस्त राम (35) पुत्र विंदरो राम निवासी गांव सिरोटी बुरी तरह से झुलस गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आस पास के लोगों ने जब मकान से धुआं उठता देखा तो वह घटनास्थल की ओर दौड़े और आग बुझाने में जुअ गए। वहीं पुलिस को सूचित किया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों ने बाद में आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक घर का एक हॉल पूरी तरह से जलकर राख हो चुका था।

लोगों ने घर के साथ में सटी गौशाला को जलने से बचा लिया। घटना की सूचना मिलने के उपरांत पुलिस चौकी तेलका  के प्रभारी विक्रांत शर्मा अपनी टीम के साथ  घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने घर के अंदर फंसे मस्त राम को बाहर निकाला, लेकिन वह लगभग 80 फीसद तक जल चुका था। उसके जले हुए शरीर को बहार निकाला। बड़ी बात यह है कि मकान के मालिक बुधिया राम का भी कोई अता पता नहीं चल पाया है। बहरहाल पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और पोस्टमार्टम के लिए मैडिकल कालेज चम्बा भेज दिया है। मामले की पुष्टि करते हुए डी.एस.पी. सलूणी शेर सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया है और प्रारंभिक जांच शुरू कर दी है। इसके साथ ही मकान के मालिक की भी तलाश की जा रही है। उसके मिलने के बाद ही आगामी कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।

 

Content Writer

Kaku Chauhan