शिलाई में दर्दनाक हादसा: गहरी खाई में गिरी कार, दिल्ली के 3 युवकों की मौके पर मौत (Video)

Monday, Dec 03, 2018 - 01:47 PM (IST)

शिलाई (रोबिन): सिरमौर जिला के शिलाई में एक दर्दनाक कार हादसा होने का मामला सामने आया है। जहां शिलाई के गंगटोली के समीप देर रात 3 बजे के करीब एक स्विफ्ट कार (DL1CR 0119) अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। जिससे हादसे में 3 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि 2 घायल बताए जा रहे हैं। 


हादसे के समय गाड़ी में 5 लोग सवार थे। घायलों को 108 की सहायता से पांवटा अस्पताल में प्राथमिक उपचार लाया गया है। जानकारी के मुताबिक सभी कार सवार दिल्ली के रहने वाले बताए जा रहे हैं। गाड़ी दिल्ली नंबर की ही थी। पांचों की उम्र 26 साल के आस पास की ही है। 


पुलिस मामला दर्ज कर दुर्घटना कारणों की जांच में जुटी हुई है। पांवटा साहिब अस्पताल के वरिष्ठ डॉक्टर राजीव चौहान ने बताया कि शिलाई कार दुर्घटना में दो घायलों का इलाज चल रहा है। हादसे में मृतकों की पहचान राहुल, नारायण (सोनू), विशाल के रूप में हुई है वहीं घायलों में अली हुसैन (24) ज्ञानेंद्र मान (25) शामिल हैं।


प्रशासन ने दी घायलों-मृतकों के परिजनों को फौरी राहत

इस पूरे घटनाक्रम के बाद पांवटा प्रशासन हरकत में आया और घायलों का हाल चाल पूछने सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचा। यहां पहुंचकर नायब तहसीलदार निहाल सिंह कश्यप ने घायलों को 5-5 हजार रुपए फौरी राहत के रूप में दी। तहसीलदार ने बताया कि मृतकों के परिजनों को फौरी राहत के रूप में 50000 दिए जाएंगे। फिलहाल मृतकों में से दो के शवों को शिलाई अस्पताल में रखा गया है और अन्य तीसरे शव को सिविल अस्पताल को पांवटा साहिब में रखा गया है। पुलिस ने भी इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। अभी तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस घायलों को अस्पताल पहुंचाने के बाद अब हादसे के कारणों की छानबीन में जुट गई है।

Ekta