गोयला में भू-स्खलन से एक दर्जन मकानों को खतरा, एसडीएम से मिले ग्रामीण

Saturday, Aug 18, 2018 - 09:19 AM (IST)

नालागढ़ : नालागढ़ को बुआसनी पंचायत के गोयला गांव के एक दर्जन परिवार भू-स्खलन की चपेट में आ गए हैं। एक परिवार ने स्वयं ही अपने मकान को खाली कर दिया है। इस गांव को जाने वाली सड़क अवरुद्ध हो गई है। गांव के लोग इस संबंध में एस.डी.एम. नालागढ़ से मिले तथा उन्हें गांव की स्थिति से अवगत कराया गया। लगातार हो रही बारिश से सबसे अधिक नुक्सान बुआसनी पंचायत में हुआ है। यहां के गोयला गांव में रमेश कुमार, रामनाथ, नवीन कुमार, बीर सिंह, सोहन सिंह, रूप सिंह, नारसों देवी, सुरेंद्र सिंह व लक्ष्मी सिंह के मकानों को खतरा पैदा हो गया है। लगातार हो रहे भूमि कटाव से गांव को जाने वाली सड़क 2 जगह से टूट गई है, जिससे इस गांव को जाने वाले वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से बंद हो गई है। लक्ष्मी सिंह के मकान में दरारें आ गई हैं, जिससे उसने अपना मकान खाली कर दिया है। 

लगातार हो रहे कटाव से अन्य घरों को भी खतरा पैदा हो गया है। इस संबंध में ग्रामीण मेहर चंद, परस राम, आशा राम, सुरेंद्र कुमार, पोला राम, साधु राम, मनी राम, बुध राम, बगा राम व रमेश सिंह एस.डी.एम. नालागढ़ से मिले। उन्होंने एस.डी.एम. को बताया कि उनके  गांव को जाने वाला मार्ग पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया है। गांव के एक दर्जन से अधिक लोगों का मकानों को खतरा बना हुआ है। एस.डी.एम. नालागढ़ प्रशांत देष्टा ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि जल्द ही इस क्षेत्र का निरीक्षण किया जाएगा तथा प्रभावितों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जाएगा। इस गांव को जाने वाले मार्ग की हालत को सुधारा जाएगा। 

kirti