हिमाचल में गीजर बना काल! स्विच ऑन करते ही लगा करंट का झटका...27 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
punjabkesari.in Sunday, Feb 15, 2026 - 11:31 AM (IST)
Sirmour News: औद्योगिक क्षेत्र पांवटा साहिब के मतरालियों में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। यहां किराए के कमरे में रह रहे उत्तर प्रदेश के एक 27 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। हादसा उस वक्त हुआ जब युवक काम से लौटकर नहाने के लिए बाथरूम में गया था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
गीजर चालू करते ही हुआ हादसा
मृतक की पहचान निखिल चौहान (27), पुत्र सुरेंद्र, निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। निखिल पिछले काफी समय से पांवटा साहिब के मतरालियों क्षेत्र में रहकर निजी काम करता था। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे निखिल अपनी ड्यूटी खत्म कर कमरे पर लौटा। वह नहाने के लिए बाथरूम में गया और जैसे ही उसने पानी गर्म करने के लिए गीजर का स्विच ऑन किया, उसे जोरदार बिजली का झटका लगा। निखिल के गिरने की आवाज सुनकर कमरे में मौजूद उसके साथी तुरंत बाथरूम की ओर भागे, जहां उन्होंने निखिल को बेसुध पाया। उसे आनन-फानन में सिविल अस्पताल पांवटा साहिब ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानें एसपी ने क्या कहा
एसपी सिरमौर, निश्चिंत सिंह नेगी ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि करंट लगने से युवक की मौत हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया है।

