जेल वार्डर भर्ती के पहले दिन ऊना के 800 युवाओं ने आजमाया भाग्य

Wednesday, Feb 20, 2019 - 09:33 PM (IST)

धर्मशाला (नरेश): पुलिस मैदान धर्मशाला में बुधवार से जिला कांगड़ा, चम्बा व ऊना की जेलों में स्टाफ की कमी दूर करने के लिए बुधवार को धर्मशाला में जेल वार्डर पदों के लिए भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई है। इस भर्ती प्रक्रिया के पहले दिन जिला ऊना के प्रतिभागियों ने जेल वार्डर के 146 पदों के लिए पहले दिन जिला ऊना के 800 युवक व युवतियों ने भाग्य आजमाया। बहरहाल अपने भाग्य को अजमाने पहुंचे जिला ऊना के युवाओं ने दस्तावेज संबंधी औपचारिकताएं पूर्ण करके शारीरिक परीक्षा में भाग लिया। वीरवार को जिला कांगड़ा के युवा इस भर्ती प्रक्रिया में हिस्सा लेंगे।

भर्ती प्रक्रिया में बुलाए गए थे 1100 युवा

हालांकि बुधवार देर शाम तक इस भर्ती की शारीरिक परीक्षा के परिणाम की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है लेकिन भर्ती अधिकारियों का कहना है कि पहले दिन लगभग 1100 युवाओं को भर्ती प्रक्रिया में भाग लेने के लिए बुलावा पत्र जारी किए गए हैं, जिसमें लगभग 800 युवाओं ने शारीरिक परीक्षा में भाग लिया। उधर, एस.पी. जेल रंजना चौहान ने बताया कि भर्ती के पहले दिन जिला ऊना के युवाओं ने शारीरिक परीक्षा में भाग लिया और ग्राऊंड में पास हुए युवाओं की सूची बनाई जा रही है। उन्होंने कहा कि वीरवार को जिला कांगड़ा के प्रतिभागी भर्ती में भाग लेंगे।

1 घंटे के लिए रुकी भर्ती प्रक्रिया

बुधवार को धर्मशाला के पुलिस मैदान में चल रही भर्ती प्रक्रिया में उस समय बाधा पहुंची जब प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का हैलीकॉप्टर भर्ती स्थल पर उतरा। इस दौरान भर्ती के लिए सुबह से लाइनों में लगे युवाओं को हैलीकॉप्टर पहुंचने के करीब 1 घंटा पहले पुलिस ग्राऊंड से हटाने के आदेश जारी कर दिए गए। इसके चलते भर्ती प्रक्रिया शाम को काफी देर तक चली और युवाओं को परेशानी हुई।

फिर खटकी सराय की कमी

उल्लेखनीय है कि स्मार्ट सिटी धर्मशाला में सस्ती दरों पर रुकने के लिए इकलौती सराय है और किसी बड़े कार्यक्रम पर अक्सर लोगों को रहने के लिए होटलों में महंगी दरों पर रहने के लिए मजबूर होना पड़ता है। हालांकि नगर निगम धर्मशाला रात्रि आवास के लिए व्यवस्था करने जा रहा है लेकिन बड़े स्तर पर कार्रवाई नहीं होने से यह कमी खटकती है।

Vijay