40 मिनट में लूटे इतने रुपए, तस्वीरों में देखिए CCTV में कैद वारदात

Saturday, May 27, 2017 - 12:12 PM (IST)

संसारपुर टैरेस/देहरी: नकाबपोश शातिरों ने महज 40 मिनट के अंदर दो बड़ी वारदातों को अंजाम दिया है। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। बताया जाता है कि थाना फतेहपुर के तहत धमेटा में स्थित पंजाब नैशनल बैंक के ए.टी.एम. से लुटेरों ने करीब 8.68 लाख रुपए उड़ा लिए हैं। राजा का तालाब में स्थित के.सी.सी. बैंक में भी लूटपाट को अंजाम दिया गया है। शुक्रवार को हुईं इन दोनों वारदातों ने पुलिस प्रशासन व बैंक की सुरक्षा के दावों की पोल खोल कर रख दी है। पहले मामले में लुटेरों ने धमेटा में स्थित पी.एन.बी. बैंक के ए.टी.एम. से मात्र 8 मिनट के (सुबह के 3.42 से 3.48 बजे तक) समय में 8 लाख 68 हजार रुपए उड़ा लिए हैं। 


सी.सी.टी.वी. को तोडऩे का भी किया प्रयास
पी.एन.बी. बैंक मैनेजर नरेश धीमान से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना शुक्रवार सुबह करीब 3.40 बजे की है। लुटरों ने ए.टी.एम. के शटर के ताले तोड़कर ए.टी.एम. को गैस कटर से काटा और लाखों रुपए लूटकर फरार हो गए। लूट का पता तब चला जब मुंबई स्थित मुख्य कार्यालय से यहां पी.एन.बी. बैंक के मैनेजर को घटना से संबंधित फोन आया। वहीं लूटेरों ने सी.सी.टी.वी. को तोडऩे का भी प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो पाए। सी.सी.टी.वी. फुटेज को खंगालने पर पता चला है कि घटना को 2 लोगों ने अंजाम दिया है। दोनों शातिरों ने नकाब पहन रखे थे। 


वारदात के बाद पंजाब के साथ लगते सभी बॉर्डर  सील
घटना के बाद पुलिस ने पंजाब के साथ लगते सभी बॉर्डरों को सील कर दिया है। उधर, मौके पर पहुंची फोरैंसिक टीम ने घटना वाली जगह से तथ्य जुटाए। ए.टी.एम. को गैस कटर से काट कर लुटेरों ने इस घटना को अंजाम दिया है। शाम करीब 7 बजे एस.पी. कांगड़ा संजीव गांधी ने पंजाब बॉर्डर के साथ लगते संसारपुर टैरेस का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने टोल नाके पर पूछताछ की व टोल बैरियर पर गाडिय़ों की लिस्ट तैयार करने का आदेश दिया। उसके बाद उन्होंने 52 गेट वाले नाके का रुख किया क्योंकि वहां पर भी टोल नाका पड़ता है व गाडिय़ों के आने-जाने की पर्ची काटी जाती है।

के.सी.सी. बैंक का ए.टी.एम. तोड़ा
दूसरे मालमे में राजा का तालाब में के.सी.सी. बैंक में लगे ए.टी.एम. को तोडऩे का भी मामला सामने आया है। हालांकि ए.टी.एम. में कैश न होने की वजह से लुटरों के हाथ पैसे तो नहीं लगे लेकिन वह कैश ट्रे लेकर फरार हो गए हैं। यह घटना वीरवार रात करीब 2.53 मिनट की है। पुलिस ने सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस द्वारा जांच की गई सी.सी.टी.वी. की फुटेज में यह सामने आया है कि लुटरे 2 गाडिय़ों में आए थे।

पड़ोसी राज्य का चोर गिरोह होने की अशंका
ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि राजा का तालाब में वारदात के बाद लुटेरों ने धमेटा में जाकर वारदात को अंजाम दिया है। ऐसा भी माना जा रहा है कि यह कोई ए.टी.एम. चोर गिरोह है जोकि इन वारदातों को अंजाम देने के लिए पड़ोसी राज्य से आया था। पुलिस थाना नूरपुर में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। डी.एस.पी. नूरपुर मेघ राज चौहान का कहना है कि मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।