नशे के खिलाफ पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 2.858 KG चरस के साथ 7 तस्कर गिरफ्तार

Sunday, Feb 06, 2022 - 05:21 PM (IST)

बिलासपुर/स्वारघाट (मुकेश/पवन): जिला बिलासपुर में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान में पुलिस ने 2 अलग-अलग मामलों में 7 व्यक्तियों को चरस की बड़ी खेप के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं पुलिस ने 2 गाड़ियाें को भी कब्जे में लिया है। पहले मामले में स्वारघाट के पास एक कार से 1 किलो 658 ग्राम चरस बरामद की गई, जिसमें 6 आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। जानकारी के अनुसार यह कार कुल्लू से चंडीगढ़ की ओर जा रही थी। स्वारघाट के मुख्य चौक पर की गई नाकाबंदी के दौरान सुबह करीब 4:35 पर उक्त गाड़ी को जांच के लिए रोका गया। कार में 6 लोग बैठे थे। जब पुलिस ने कार की तलाशी तो उसमें से 1 किलो 658 ग्राम चरस बरामद हुई। इस पर पुलिस ने कार में सवार सभी लोगों को हिरासत में ले लिया।

आरोपियों की पहचान करण श्रीवास्तव (21) पुत्र राजेश श्रीवास्तव अहमदाबाद (गुजरात), रक्षित जेठवा (29) पुत्र विकान्त जेठवा अहमदाबाद (गुजरात), पंकज उमेश सिंह (24) पुत्र उमेश सिंह अहमदाबाद (गुजरात), आदर्श सिंह राजपूत (29) पुत्र राजेश सिंह अहमदाबाद (गुजरात),कासिम उस्समानी (29) पुत्र शहाब्बुदीन उस्समानी  सूरत (गुजरात)के व मोहम्मद जिसान (24) पुत्र मजहर शेख निवासी मुरादाबाद (यूपी) के रूप में की गई है।

दूसरे मामले में थाना सदर के तहत एक कार से 1 किलो 200 ग्राम चरस बरामद की गई है। जानकारी के अनुसार थाना सदर एसएचओ की अगुवाई में थाना सदर के साथ नाकाबंदी की गई थी। इसी दौरान एक कार (एचपी 49-1685) कुल्लू की तरफ से आई। जब कार को रोककर तलाशी ली गई तो उसमें से उक्त मात्रा में चरस बरामद की हुई। आरोपी को हिरासत में लेकर पुलिस थाना सदर ने मामला दर्ज कर लिया गया है। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नीरत राम बताया। यह व्यक्ति बंजार जिला कुल्लू का रहने वाला है। डीएसपी राज कुमार ने उक्त दोनों मामलों की पुष्टि की है।

 

Content Writer

prashant sharma